IAS, IPS या पूर्व DGP… कौन संभालेगा राम मंदिर की कमान? आज होगा फैसला, 3 नामों पर टिकी नजर

IAS, IPS या पूर्व DGP... कौन संभालेगा राम मंदिर की कमान? आज होगा फैसला, 3 नामों पर टिकी नजर

अयोध्या में राम मंदिर के पहले पूर्णकालिक CEO के चयन को लेकर हलचल तेज हो गई है. आज यानी 2 सितंबर को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक होने जा रही है. इसमें CEO के नाम पर बड़ा फैसला हो सकता है. इसी बीच CEO चयन के लिए गठित सर्च कमेटी के तीनों सदस्य अयोध्या पहुंच गए हैं.

5 हजार से ज्यादा आवेदनों के बाद तीन नाम फाइनल 
सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक-उद्योगपति सुरेश हावड़े ने ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से मुलाकात की. आपको बता दें कि करीब 5,585 आवेदनों से शुरू हुई चयन प्रक्रिया अब तीन नामों के पैनल तक पहुंच चुकी है. सूत्रों के मुताबिक, पूर्व IAS योगेश्वर राम मिश्रा, पूर्व IPS राजेश कुमार पांडेय और परेश सक्सेना पूर्व DGP, बिहार के नाम चर्चा में हैं. 

पूर्व आईएएस योगेश्वर राम मिश्रा कौन हैं 
योगेश्वर राम मिश्रा साल 2005 बैच के IAS अधिकारी हैं और अयोध्या के पूर्व डीएम भी रह चुके हैं. वे बाराबंकी, वाराणसी समेत कई जिलों के डीएम और कई मंडलों के कमिश्नर रह चुके हैं. अयोध्या प्रशासन का प्रत्यक्ष अनुभव उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है. 

कौन हैं पूर्व आईपीएस राजेश कुमार पांडेय
वहीं, राजेश कुमार पांडेय साल 2003 बैच के पूर्व IPS अधिकारी हैं. STF और ATS में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के साथ वे लखनऊ, अलीगढ़ और मेरठ के SSP भी रह चुके हैं. सुरक्षा और बड़े आयोजनों के प्रबंधन का उनका अनुभव चर्चा में है. 

पूर्व डीजीपी परेश सक्सेना का नाम 
इसके अलावा परेश सक्सेना (पूर्व DGP, बिहार) यह बिहार के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (पूर्व डीजीपी) रहे हैं. इन्हें भी अंतिम तीन की सूची में शामिल बताया गया है. सूत्रों के मुताबिक CEO के चयन में प्रशासनिक अनुभव के साथ नेतृत्व क्षमता, बड़े आयोजनों और भीड़ प्रबंधन का अनुभव, हजारों कर्मचारियों को नेतृत्व देने की क्षमता, मंदिर प्रशासन की समझ, सुरक्षा प्रबंधन, रणनीतिक विजन और धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय जैसे मानकों को अहम माना गया है. 

आज होगी अहम बैठक 
अब निगाहें आज 2 सितंबर को होने वाली बैठक पर हैं, जहां राम मंदिर के पहले CEO के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है. इससे पहले सर्च कमेटी के तीनों सदस्य सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और उद्योगपति सुरेश हावड़े ने राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज से मणिराम छावनी स्थित उनके आश्रम में पहुंच कर उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन भी उनके साथ मौजूद रहे. 

सर्च कमेटी सौंपेगा नाम की लिस्ट 
सर्च कमेटी के द्वारा मंगलवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी के नामों का पैनल अध्यक्ष महंत श्रीदास को सौंपा गया. सर्च कमेटी के द्वारा उपलब्ध कराए गए पैनल में से चयनित किसी एक पर ट्रस्टियों की सहमति क बाद दो सितंबर को पहले सीईओ के नाम की घोषणा कर दी जाएगी. सर्च कमेटी ने अलग-अलग श्रेणियों के तीन-तीन नामों का पैनल 16 उम्मीदवारों के साक्षात्कार के उपरांत किया है. इस पद के लिए देश भर से आईएएस और आईपीएस के अलावा सेना के ब्रिगेडियर स्तर के अधिकारियों के अलावा गैर सरकारी संस्थाओं से जुड़े 5585 आवेदकों ने आवेदन किया था. 

बैठक में ये नहीं होंगे शामिल 
बैठक में ट्रस्ट के आठ नियमित सदस्यों में से जगद्गुरु माध्वाचार्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ चातुर्मास के कारण अयोध्या नहीं आएंगे. बताया गया कि वह दिल्ली में चातुर्मास कर रहे हैं. राम मंदिर ट्रस्ट की दो सितंबर को होने वाली बैठक में अलग-अलग समितियों धार्मिक न्यास समिति, निर्माण समिति, वित्त समिति व आडिट के अलावा मैनेजिंग कमेटी का पुनर्गठन भी किया जाएगा. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*