कॉमेडियन समय रैना इन दिनों अपनी कॉमेडी से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं. दरअसल, ‘इंडियाज गॉट लेटेन्ट सीजन 2’ में शेरोन वर्मा के साथ उनकी मजेदार बातचीत और जबरदस्त बॉन्डिंग ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया. दोनों के बीच की हंसी-मजाक वाली केमिस्ट्री देखकर फैंस ने तरह-तरह के कयास लगाने शुरू कर दिए. बात इतनी आगे बढ़ गई कि एक फैन ने सीधे समय से इंस्टाग्राम पर सवाल कर डाला, ‘क्या आप शेरोन को डेट कर रहे हैं?’
समय ने भी फैन के इस सवाल को नजरअंदाज नहीं किया. उन्होंने इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और साफ-साफ जवाब दिया, ‘नहीं भाई, बस इंटरनेट अपना काम कर रहा है.’यानी समय ने अपने अंदाज में उन तमाम रूमर्स पर फुल स्टॉप लगाने की कोशिश की, जो शेरोन के साथ उनके रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही थीं.
आखिर शेरोन और समय की इतनी चर्चा क्यों हो रही है?
शेरोन वर्मा का नाम कॉमेडी की दुनिया में नया नहीं है. उन्होंने साल 2024 में ‘इंडियाज गॉट लेटेन्ट’ के पहले सीजन में बतौर कंटेस्टेंट हिस्सा लिया था. अपने बेबाक अंदाज और मजेदार स्टैंड-अप से उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरीं. खासकर बिहार से जुड़े उनके जोक्स और खुद को लेकर किए गए मजाक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे. अब ‘इंडियाज गॉट लेटेन्ट 2’ में शेरोन गेस्ट पैनलिस्ट बनकर वापस आईं. इस दौरान समय के साथ उनकी नोकझोंक, हंसी-मजाक और बातचीत ऑडियंस को काफी पसंद आई. शो के कुछ वीडियो वायरल हुए तो फैंस ने दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर डेटिंग के कयास लगाने शुरू कर दिए.
हालांकि, समय और शेरोन दोनों की तरफ से ऐसे किसी रिलेशनशिप का कंफर्मेशन नहीं हुआ है. अब समय के जवाब ने कम से कम शेरोन के साथ डेटिंग वाली चर्चा को काफी हद तक साफ कर दिया है.
मेधा शंकर के साथ भी जुड़ रहा है समय का नाम
खास बात ये है कि समय रैना का नाम सिर्फ शेरोन वर्मा के साथ ही नहीं जोड़ा जा रहा है. ’12वीं फेल’ फेम एक्ट्रेस मेधा शंकर के साथ भी उनके रिश्ते की अफवाहें काफी समय से चल रही हैं. मेधा भी ‘इंडियाज गॉट लेटेन्ट 2’ में पैनल का हिस्सा बनी थीं. शो में एक मजेदार सेगमेंट के दौरान जब समय से उनके सबसे अच्छे दोस्त के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बिना ज्यादा सोचे मेधा शंकर का नाम ले लिया. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर एक बार फिर दोनों के रिश्ते की चर्चा शुरू हो गई.
साथ दिखने से बढ़ी अफवाहों की गर्मी
समय और मेधा को पहले भी कई मौकों पर एक ही जगह देखा गया है. जून में मुंबई में हुए ‘आनंदम’ के प्रीमियर के दौरान भी दोनों की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा था. इसके बाद दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद डेटिंग की खबरों ने फिर जोर पकड़ ली. हाल ही में एक रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया कि समय और मेधा को एक ही फ्लाइट में देखा गया था और बाद में दोनों मुंबई एयरपोर्ट पर भी नजर आए.
फिलहाल, कहानी का सबसे अहम हिस्सा यही है कि समय और मेधा ने अपने रिश्ते को लेकर कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं की है. ऐसे में सोशल मीडिया पर चल रही गॉसिप को सिर्फ रूमर ही माना जा सकता है. वहीं, शेरोन के साथ डेटिंग की खबरों पर समय का जवाब साफ है, कभी-कभी इंटरनेट सिर्फ अपनी ही कहानी बना लेता है.
Bureau Report
Leave a Reply