इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा फेरबदल किया है। सीएसके ने पहले जहीर खान को मुख्य कोच नियुक्त किया और अब कोचिंग स्टाफ के अन्य सदस्यों का एलान कर दिया है। एल्बी मोर्कल, गैरेथ बैटी और मोहित शर्मा को सहायक कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोहित सीएसके के नए गेंदबाजी कोच होंगे। फ्रेंचाइजी ने यह बदलाव स्टीफन फ्लेमिंग के इंग्लैंड की पुरुष टेस्ट टीम के मुख्य कोच बनने के बाद किया है, जिन्होंने 16 साल तक सीएसके के साथ इस भूमिका को निभाया था।
किन लोगों को बरकरार रखा
इस कोचिंग बदलाव के कारण सीएसके के साथ एक दशक या उससे अधिक समय से जुड़े रहे कई सीनियर सपोर्ट स्टाफ सदस्यों ने फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ दिया है। इनमें बल्लेबाजी कोच माइक हसी, गेंदबाजी कोच एरिक सिमंस, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच ग्रेग किंग और फिजियोथेरेपिस्ट टॉमी सिमसेक शामिल हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने पिछले सीजन के सहायक गेंदबाजी कोच श्रीधरन श्रीराम, फील्डिंग कोच जेम्स फोस्टर और सीनियर अधिकारी एआर श्रीकांत को अपने साथ बरकरार रखा है।
मोर्कल-मोहित का सीएसके से रहा है नाता
नए नियुक्त किए गए सहायक कोचों में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर अल्बी मोर्कल का सीएसके के साथ पुराना इतिहास रहा है, जिन्होंने 2008 के पहले सीजन से 2013 तक टीम के लिए 78 मैचों में 827 रन बनाए और 76 विकेट लिए। उनके अलावा, मोहित शर्मा ने 2013 से 2019 के बीच चार सीजन तक सीएसके का प्रतिनिधित्व किया और 48 मैचों में 58 विकेट चटकाए। मोहित ने दिसंबर 2025 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था। वहीं, इंग्लैंड के पूर्व ऑफ स्पिनर गैरेथ बैटी को भी कोचिंग सेटअप में शामिल किया गया है, जो हाल ही में सरे और द हंड्रेड टूर्नामेंट में अपनी सफल कोचिंग के बाद इस फ्रेंचाइजी से जुड़े हैं।
Bureau Report
Leave a Reply