‘कैश अवॉर्ड में मांगते हैं 20% कमीशन…”, एशियन पैरा गेम्स से पहले पैरा-शूटर्स ने लगाए गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप

'कैश अवॉर्ड में मांगते हैं 20% कमीशन...", एशियन पैरा गेम्स से पहले पैरा-शूटर्स ने लगाए गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप

जापान के आइची-नागोया एशियाई पैरा खेलों में भाग लेने जा रहे भारतीय दल के सेंड-ऑफ समारोह में गुरुवार को उस समय भारी हंगामा देखने को मिला, जब कई पैरा-शूटरों ने कार्यक्रम स्थल के बाहर उग्र प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और धांधली के गंभीर आरोप लगाए. भारतीय पैरालिंपिक समिति (PCI) के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों को समझाने और प्रदर्शन समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन खिलाड़ियों ने नारेबाजी जारी रखी और अपनी शिकायतें रखीं.

PCI ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एशियाई पैरा खेलों के लिए टीम का चयन पूरी तरह से पारदर्शी, मेरिट और निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया गया है. प्रदर्शन की अगुवाई पैरा-शूटर संदीप कुमार और आकाश कर रहे थे, जिन्होंने शीर्ष रैंकिंग के बावजूद टीम से बाहर किए जाने पर सवाल खड़े किए. 

एशियन के टॉप शूटर्स हैं संदीप और आकाश

संदीप एशिया में तीसरे स्थान पर हैं, जबकि आकाश महाद्वीप के नंबर-1 शूटर हैं. दोनों खिलाड़ियों ने एशिया में 14वीं रैंकिंग वाले रुद्रांश खंडेलवाल को टीम में शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई. इसके बाद प्रदर्शन कार्यक्रम स्थल के बरामदे तक पहुंच गया. भारत के मुख्य कोच सत्यनारायण और देवेंद्र झाझरिया ने खिलाड़ियों से बात कर विरोध खत्म करने का अनुरोध किया, लेकिन शूटर अपनी मांगों पर अड़े रहे.

कोच और अधिकारियों पर क्या आरोप लगे?

समारोह में खेल मंत्री मनसुख मंडाविया की मौजूदगी के दौरान भी प्रदर्शन जारी रहा. आकाश ने आरोप लगाया कि उन्होंने शूटिंग कोच जय प्रकाश नौटियाल का नाम अपने व्यक्तिगत कोच के रूप में दर्ज नहीं किया था, इसलिए उनका नाम काटा गया. उन्होंने कहा, ”इसी वजह से उन्होंने मेरा नाम काट दिया. वे रोज काम करने का आश्वासन देते हैं लेकिन कुछ नहीं करते.” वहीं P4 50 मीटर फ्री पिस्टल SH1 श्रेणी के शूटर संदीप कुमार ने कहा कि दस्तावेज दिखाने के बावजूद उन्हें झाझरिया से कोई आश्वासन नहीं मिला. संदीप ने आरोप लगाया, ”हमने झाझरिया जी और अन्य अधिकारियों को कागज दिखाए. एक ऐसे व्यक्ति को विशेषज्ञ बना दिया गया है जिसने कभी शूटिंग मैच नहीं खेला है.”

20% कमीशन मांगने का पूरा मामला क्या है?

संदीप कुमार ने कोच नौटियाल पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि कोच ने चयन में मदद के बदले सरकारी नकद पुरस्कारों में से 20 प्रतिशत कमीशन की मांग की थी. संदीप ने अंतिम समय में प्रदर्शन रोकने के दबाव पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे कई दिनों से अपनी चिंताएं जता रहे थे. उन्होंने कहा, ”दोपहर 2:30 बजे तक वे कह रहे थे कि आपका नाम सूची में भेज देंगे, तो अब वे हमारा नाम कैसे भेजेंगे जब हम इतने दिनों से आवेदन भेज रहे हैं?”

चयन प्रक्रिया में गड़बड़ी पर क्या बोले खिलाड़ी?

आकाश ने दावा किया कि खेल मंत्रालय के दिशानिर्देशों के तहत शीर्ष छह खिलाड़ियों पर चयन के लिए विचार किया जाना चाहिए था, लेकिन नियमों की अनदेखी की गई. उन्होंने आरोप लगाया, ”हम आपको दस्तावेज देंगे. जिनका चयन किया गया है, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मैच नहीं खेले हैं. राष्ट्रीय चयन ट्रायल के स्कोर बदले जा रहे हैं. पैरा शूटिंग में जो लोग सदस्य भी नहीं बन सकते, उन्हें अधिकारी बना दिया गया है. हमें  न्याय चाहिए.”

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*