दुबई से इजरायल की राजधानी तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में बुधवार (30 सितंबर 2026) को-पायलट की हिंसा और चाकूबाजी की घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है. इस घटना में अब चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं. इजरायल नेशनल न्यूज के मुताबिक, सऊदी अरब की ओर डायवर्ट की गई फ्लाईदुबई की फ्लाइट में सवार यात्रियों का कहना है कि घटना के दौरान उन्होंने ‘अल्लाहु अकबर’ के नारे सुने.
एक महिला यात्री ने बताया, ‘वह क्रू का एक सदस्य था. वह ‘अल्लाहु अकबर’ चिल्लाया और पायलट की ओर भागा. इजरायली यात्रियों के एक समूह ने उसे काबू में कर लिया.’ बताया जा रहा है कि को-पायलट ओमान का नागरिक था. पायलट और आरोपी को-पायलट दोनों घायल हैं और अस्पताल में इलाज चल रहा है.
यात्री के चेहरे पर दिखा खून
एक अन्य यात्री ने लैंडिंग के बाद अपना वीडियो बनाया और विमान के अंदर का नजारा बताया. उसने कहा, ‘हमने ‘आतंकवादी’ को काबू में कर लिया है. हमें मदद चाहिए.’ उसके चेहरे पर खून दिख रहा था. यात्रियों और उनके रिश्तेदारों ने बताया कि घटना शुरू होने के बाद चारों ओर अफरा-तफरी मच गई थी. एक यात्री ने बताया कि मदद के लिए चीखें सुनाई दे रही थीं, क्योंकि चाकू लिए एक शख्स ने विमान पर कब्जा करने की कोशिश की थी. मिली जानकारी के अनुसार, इसके बाद विमान जोरदार झटकों (टर्बुलेंस) के बीच नीचे की ओर जाने लगा.
लोग करने लगे थे प्रार्थना
विमान के क्रैश होने के डर से यात्रियों ने यहूदी धर्म की पारंपरिक प्रार्थना ‘शेमा इजरायल’ (जो मौत करीब होने पर की जाती है) और भजन (Psalms) पढ़ना शुरू कर दिया. बताया जाता है कि इजरायल यात्री और क्रू सदस्य उस शख्स की ओर दौड़े, उसे काबू किया और विमान के फर्श पर ही रोककर रखा.
एक अन्य यात्री ने सऊदी अरब में विमान के उतरने के बाद की स्थिति के बारे में बताया. उसने कहा, ‘यहां एक पायलट बुरी तरह घायल है और दूसरे आतंकवादी को बांध दिया गया है. वह बहुत मजबूत था. हर जगह खून ही खून है.’
फ्लाइट संख्या FZ1073 दुबई से बेन गुरियन एयरपोर्ट जा रही थी, तभी उस इलाके के ऊपर से गुजरते हुए उसने इमरजेंसी सिग्नल भेजा. इसके बाद विमान को सऊदी अरब की ओर डायवर्ट कर दिया गया और वह सुरक्षित रूप से तबुक एयरपोर्ट पर उतरा. फ्लाईदुबई ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी गिनती हो चुकी है. साथ ही, कंपनी ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है और उसने घटना की प्रकृति का खुलासा नहीं किया है.
विमान से आया था इमरजेंसी सिग्नल
बोइंग 737 मैक्स 8 विमान (जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर A6-FKF था) ने शुरू में ट्रांसपोंडर कोड 7700 भेजा, जो सामान्य इमरजेंसी का संकेत देता है. बाद में फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा में कुछ समय के लिए कोड 7500 का सिग्नल दिखा, जो गैर-कानूनी दखल का संकेत देता है. इसके बाद विमान का सिग्नल फिर से 7700 हो गया.
इन सिग्नलों से शुरू में विमान के हाईजैक होने का डर पैदा हुआ और इजरायल और सऊदी अरब ने अपने लड़ाकू विमान भी हवा में भेजे. हालांकि, बाद में इजराइली अधिकारियों ने कहा कि यह घटना हाईजैकिंग की नहीं, बल्कि पायलटों के बीच हुई बहस का नतीजा लग रही थी. मगर बाद में जब घटना का सच सामने आया तो हर कोई हैरान रह गया.
विमान में क्या हुआ था?
दरअसल, को-पायलट ओमानी नागरिक था. वह विमान को क्रैश कराना चाहता था. जब पायलट स्मित मच्छार ने उसको रोका तो उसने उन पर चाकू से हमला कर दिया. लेकिन स्मित ने बहादुरी दिखाते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया और अन्य यात्रियों ने हमलावर को काबू किया. इस दौरान प्लेन तेजी से नीचे जाने लगा. मगर एक यात्री की सूझबूझ से प्लेन फिर से ऑपरेशनल लेवल पर आ गया.
Bureau Report
Leave a Reply