बिहार: भोज की खुशियां मातम में बदलीं, 13 की मौत, वैशाली नाव हादसे की तस्वीरों में देखें दर्दनाक मंजर

बिहार: भोज की खुशियां मातम में बदलीं, 13 की मौत, वैशाली नाव हादसे की तस्वीरों में देखें दर्दनाक मंजर

बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात दर्दनाक नाव हादसा हुआ। गांव के करीब 20 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर भोज खाने के लिए ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच पानी में नाव अनियंत्रित होकर पलट गई और उस पर सवार लोग डूबने लगे।

ग्रामीणों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद चलाया बचाव अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के गांवों से सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पानी में डूबे लोगों को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, 13 लोगों की मौत की खबर

हादसे के बाद घायलों को अस्पताल लाए जाने पर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा अस्पताल गूंज उठा। शुरुआती जानकारी में 13 लोगों की मौत की बात सामने आई है। हालांकि, मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।

तीन गंभीर घायलों को पीएमसीएच किया गया रेफर

जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद 17 बच्चों और अन्य लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर लाया गया। इनमें से तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया, जबकि एक बच्चे की स्थिति ठीक बताई गई। हादसे में जान गंवाने वालों में अधिकांश बच्चियां शामिल हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये देने का ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैशाली जिले के राघोपुर में हुए नाव हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में मासूमों की मौत की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में उनकी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और दुखी परिवारों को इस अपार पीड़ा को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही, उन्होंने प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

नितिन नवीन ने भी जताई संवेदना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी वैशाली के राघोपुर में नाव पलटने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हादसे में लोगों की जान जाना अत्यंत दुखद है। अपनों को खोने वाले सभी परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। नितिन नवीन ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सीमा कुमारी, राजस्व अधिकारी राजीव रंजन चौधरी, अंचल अधिकारी दीपक कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार, रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक, जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा, गंगा ब्रिज थाना प्रभारी दीपक कुमार और सदर सीडीपीओ-1 सुबोध कुमार समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे। वहीं, आसपास के गांवों के लोग भी घटनास्थल और अस्पताल में जुटे रहे। प्रशासन हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाने और राहत कार्यों की निगरानी में लगा है।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*