‘बॉलीवुड में एक ही टाइगर है और वह है सलमान खान’: जैकी श्रॉफ के बेटे को भारी पड़ गई यह तारीफ, जांच में खुलासा

'बॉलीवुड में एक ही टाइगर है और वह है सलमान खान': जैकी श्रॉफ के बेटे को भारी पड़ गई यह तारीफ, जांच में खुलासा

टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में गिरफ्तार किए गए शूटरों में से एक ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग अभिनेता सलमान खान की तारीफ करने को लेकर टाइगर से हिसाब बराबर करना चाहता था। टाइगर ने वर्ष 2022 में अपनी एक फिल्म के प्रचार के दौरान सलमान की तारीफ की थी। फिल्म ‘हीरोपंती 2’ के एक कार्यक्रम के दौरान, श्रॉफ से फिल्म के ईद पर आने के बारे में पूछा गया था, जिसे आमतौर पर सलमान खान की फिल्मों की रिलीज से जोड़कर देखा जाता है। उन्होंने इसके जवाब में कहा था कि बॉलिवुड में एक ही टाइगर हैं और वह सलमान सर हैं।

उन्होंने कहा था कि वह तो उनके सामने बस एक टाइगर का बच्चा हैं। उनकी यह बात सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी। पुलिस के अनुसार, शूटर फूल सिंह ने जांच अधिकारियों को बताया कि उसे हमले के पीछे के कारण के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन विदेश में बैठे मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित ने उसे बताया था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग उस बयान का बदला लेना चाहता था। 

गैंग की धमकियों में टाइगर का नाम
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने पहले भी सलमान खान से जुड़े लोगों को धमकियां दी हैं। पुलिस के मुताबिक, अमेरिका में बैठे अनिल पंडित और गैंग के सदस्य हरमन संधू के ऑडियो संदेशों में खान के साथ काम करने वाले फिल्मी लोगों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। हालांकि, टाइगर श्रॉफ, उनके पिता जैकी श्रॉफ और फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी ने किसी भी तरह की धमकी मिलने से इनकार किया था।

तीन आरोपियों को 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत
मामले में गिरफ्तार 10 आरोपियों में से अंकित खत्री, समीर खटक और जतिन पांचाल को शुक्रवार को किला कोर्ट ने 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती दो गिरफ्तार शूटरों फूल सिंह और रेहान अंसार ने बताया कि वारदात के बाद समीर खटक ने उन्हें सीसीटीवी कैमरों से बचने और बार-बार वाहन बदलकर भागने की सलाह दी थी। हमलावर पहले मोटरसाइकिल से अंधेरी स्टेशन पहुंचे, फिर ट्रेन से बोरिवली गए और वहां से सूरत के लिए गाड़ी बुक की।

जंगल में की थी फायरिंग की प्रैक्टिस
पुलिस ने अदालत को बताया कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से पहले हमलावरों ने मीरा-भायंदर के एक जंगल में गोली चलाने का अभ्यास किया था। पुलिस के मुताबिक, अंकित खत्री, समीर खटक और जतिन पांचाल शूटरों को जंगल में लेकर गए थे। अभ्यास के दौरान एक पिस्टल जाम हो गई थी और होटल में उसकी जांच करते समय एक गोली मिसफायर हुई थी। मुंबई क्राइम ब्रांच ने उस गोली के कारतूस जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, टाइगर पर फायरिंग के दौरान भी यही पिस्टल जाम हुई थी।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*