असम: गुवाहाटी के नजदीक कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह कोच पटरी से उतरे, कई यात्री घायल; बचाव अभियान जारी

असम: गुवाहाटी के नजदीक कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह कोच पटरी से उतरे, कई यात्री घायल; बचाव अभियान जारी

असम के गुवाहाटी के बाहरी इलाके में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। यहां डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के कम से कम छह डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं की है। घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। मिजोरम के सैरांग से कोलकाता जा रही ट्रेन के छह डिब्बे और उसका इंजन पटरी से उतर गए। घटना की सूचना मिलते ही पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बचाव और बहाली अभियान शुरू कर दिया गया है।

कई यात्री घायल, राहत और बचाव कार्य जारी
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) कपिंजल किशोर शर्मा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे सुबह 6:54 बजे पटरी से उतरे। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। हालांकि, हादसे में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों की संख्या और उनकी चोटों की गंभीरता की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं। प्रभावित यात्रियों को सहायता उपलब्ध कराने के इंतजाम भी किए जा रहे हैं।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, एक दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोकने के दौरान यह हादसा हुआ। इस दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सका, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई। इस घटना में छह कोच पटरी से उतर गए। यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। सीपीआरओ ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं और महाप्रबंधक (जनरल मैनेजर) तथा अन्य अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

मिजोरम को पूर्वी भारत से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण रेल सेवा है कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस
गौरतलब है कि कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस मिजोरम को पूर्वी भारत से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण रेल सेवा है। इस हादसे के बाद पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेलवे सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को लेकर भी सवाल उठने की संभावना है। यह क्षेत्र रणनीतिक लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*