कार्तिक पूर्णिमा 2026: पटना के गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मानर-झाल की थाप पर झूमते दिखे लोग

कार्तिक पूर्णिमा 2026: पटना के गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मानर-झाल की थाप पर झूमते दिखे लोग

पटना में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सभी गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह की पहली किरण के साथ ही श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया। दीघा घाट, जहाज घाट, कालीघाट, एनआईटी घाट, बाबू साहब घाट, राजपूताना घाट, नासरीगंज, फक्कड़ महतो घाट, कचहरी घाट, शाहपुर और दाउदपुर घाट पर अहले सुबह तक गंगा स्नान करने वालों की भीड़ जुटी रही। इनमें नासरीगंज घाट पर सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और अपनी क्षमता के अनुसार दान-पुण्य किया। हालांकि, गंगा का जलस्तर कम होने और नदी की मुख्य धारा दूर चले जाने के कारण कई घाटों पर स्नान करने के लिए लोगों को रेत के लंबे रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। बाबू साहब घाट पर बैरिकेडिंग और चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं की कमी भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी। खासकर महिलाओं को असुविधा का सामना करना पड़ा।

मानर और झाल की थाप पर गूंजे पारंपरिक गीत
गंगा स्नान के साथ ही घाटों पर लोक परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं की झलक भी देखने को मिली। पीपा पुल घाट समेत आसपास के कई घाटों पर सुबह से ही मानर की थाप और झाल की झंकार सुनाई देने लगी। देवी-देवताओं और गंगा मैया से जुड़े पारंपरिक गीतों पर महिलाएं और पुरुष झूमते नजर आए। घाटों पर पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर भी चलता रहा।

कहीं ओझा-गुणी का खेल तो कहीं पूजा-पाठ
घाटों पर ओझा-गुणी से जुड़ी गतिविधियां भी लोगों के आकर्षण और चर्चा का विषय बनी रहीं। पीली धोती पहने और हाथों में बेंत या डंडा लिए कुछ लोग खुद पर देवी-देवताओं के सवार होने का दावा करते हुए झूमते दिखाई दिए। उनके आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही। कई लोग अपनी परेशानियों और समस्याओं को लेकर उनसे सवाल करते नजर आए। कहीं हवन और पूजा-पाठ हो रहा था, तो कहीं मानर-झाल की धुन पर पारंपरिक धार्मिक गतिविधियां चल रही थीं। आधुनिक दौर में भी गंगा घाटों पर इन परंपराओं की मौजूदगी देखने को मिली। कुछ लोग इसे अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे थे, जबकि कई श्रद्धालु इसे अपनी पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं और पूजा-पद्धति का हिस्सा मानते दिखे।

घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम
कार्तिक पूर्णिमा को लेकर घाटों पर मेले जैसा माहौल रहा। बच्चों ने खिलौनों और अन्य सामान की खरीदारी की। भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गई थी। नगर परिषद के प्रभारी ईओ सह प्रशासक सिद्धार्थ हर्षवर्धन और सीओ दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से गंगा स्नान किया।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*