‘भूख इतनी है, पेट ही नहीं भरता।’ गुरुवार को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चेंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के कार्यक्रम में यह बयान दिया तो भारतीय उद्योग जगत अचानक चौंक उठा। पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान दो टूक पूछा कि कॉरपोरेट टैक्स में ऐतिहासिक कटौती और अन्य नीतिगत सुधारों के बाद क्या कंपनियों ने रोजगार बढ़ाने और कर्मचारियों की आय में सुधार के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं? पीएम ने कंपनियों से कहा कि यह आत्ममंथन का विषय है कि सरकारी नीतियों के लाभ जमीनी स्तर पर व्यापक आर्थिक फायदों में तब्दील हुए हैं या नहीं।
प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी के बाद देशभर में इस बात को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है कि आखिर पीएम मोदी भारतीय उद्योगों के लिए क्या-क्या कहा? प्रधानमंत्री ने सरकार की तरफ से उद्योगों को दी गई जिन छूटों का जिक्र किया, वह कौन-कौन सी हैं? पीएम ने क्यों उद्योगों से नाराजगी जाहिर की है? क्या वाकई में भारतीय उद्योग सरकार की तरफ से मिली छूटों का फायदा उठाने के बावजूद रोजगार और कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी नहीं कर रहा है? इससे जुड़े आंकड़े क्या कहते हैं और इसकी वजह क्या है? आइये जानते हैं…
पहले जानें- पीएम मोदी ने फिक्की के कार्यक्रम में उद्योगों के लिए क्या कहा?
फिक्की के वार्षिक सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय उद्योग जगत (India Inc) को संबोधित करते हुए कई कड़े और स्पष्ट संदेश दिए…
1. वेतन बढ़ोतरी और रोजगार पैदा करने पर सवाल
पीएम मोदी ने कॉरपोरेट टैक्स में 30% से 22% की कटौती और व्यक्तिगत आयकर में 12 लाख रुपये तक की छूट जैसे सरकारी कदमों का हवाला देते हुए पूछा कि क्या कंपनियों ने अपने कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया या कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई।
पीएम ने उद्योगपतियों से अपील की कि वे सब कुछ सरकार पर छोड़ने के बजाय अपने कर्मचारियों के लिए भी कदम उठाएं।
2. मानसिकता और गुणवत्ता पर तंज
पीएम मोदी ने उद्योगपतियों से कहा कि वे देश के 140 करोड़ नागरिकों को ‘अश्योर्ड मार्केट’ (निश्चित बाजार) या अपना कम्फर्ट जोन न समझें। उन्होंने केवल विदेशों के लिए निर्यात गुणवत्ता वाले उत्पाद बनाने और घरेलू बाजार में निम्न स्तर के उत्पाद बेचने की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत के लोग भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता के हकदार हैं।
3. स्वदेशी और आत्मनिर्भरता का आह्वान
महात्मा गांधी के 1930 के संदेश को याद कराते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 100 साल बाद भी उन्हें वही बात दोहरानी पड़ रही है। उन्होंने कहा, “मेरी मत सुनो, पर गांधी की तो मानो भाई।” पीएम ने पूछा कि इतने वर्षों बाद भी वहीं खड़ा रहना उद्योग की सफलता है या विफलता।
4. मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) का लाभ उठाने पर
पीएम ने कहा कि सरकार ने दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के साथ व्यापार समझौते करके उद्योग के लिए दरवाजे खोले हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या फिक्की के सदस्यों ने इन अवसरों का फायदा उठाने और वैश्विक बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने की कोई ठोस योजना बनाई है।
5. कच्चे माल और एपीआई के आयात पर निर्भरता
उन्होंने फार्मास्युटिकल सेक्टर का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को ‘दुनिया की फार्मेसी’ कहा जाता है, फिर भी देश अरबों डॉलर के एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (एपीआई) और बल्क ड्रग्स के आयात पर निर्भर है। उन्होंने कंपनियों को नई तकनीकों और बड़े संयंत्रों में निवेश कर घरेलू क्षमता बढ़ाने की सलाह दी।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि वर्तमान प्रशासन ‘दोस्तों की सरकार’ है, जो दोस्ती निभाना जानती है। उन्होंने उद्योगपतियों से कहा कि वे पिछली सरकारों के कड़वे अनुभवों को भूलकर बिना किसी संकोच के सुधारों के लिए अपने सुझाव सीधे सरकार को भेजें।
पीएम ने उद्योगों को दी गई किन छूटों का जिक्र किया?
1. कॉरपोरेट टैक्स में ऐतिहासिक कटौती
सरकार ने मौजूदा घरेलू कंपनियों के लिए आधार कॉरपोरेट टैक्स दर को 30% से घटाकर 22% कर दिया। सेस और सरचार्ज को मिलाकर कंपनियों के लिए यह प्रभावी दर 25.17% हो गई। इसके अलावा, योग्य नई मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को प्रोत्साहित करने के लिए 15% की रियायती टैक्स दर तय की गई।
2. व्यक्तिगत आयकर में ₹12 लाख तक की राहत
मध्यम वर्ग और आम कर्मचारियों के लिए 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को कर-मुक्त किया जा चुका है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि इसका मकसद लोगों की जेब में अधिक पैसा छोड़ना और उनकी खरीद शक्ति बढ़ाना था, ताकि बाजार में मांग पैदा हो और उद्योगों की बिक्री बढ़े।
3. जीएसटी (GST) दरों में कटौती और युक्तिकरण
- कारोबार को आसान बनाने और मांग को गति देने के लिए कई उत्पादों पर जीएसटी दरों को घटाया और सरल किया गया।
- टैक्स रिटर्न दाखिल करने और रिफंड जारी करने की प्रक्रिया को तेज व पारदर्शी बनाया गया, जिससे उद्योगों और करदाताओं का कैश फ्लो सरकारी तंत्र में न अटके।
- प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं के साथ व्यापार समझौते करके भारतीय कंपनियों के लिए विदेशी बाजारों के दरवाजे खोले गए, ताकि वे अपने निर्यात का विस्तार कर सकें।
प्रधानमंत्री का इशारों-इशारों में कहा कि सरकार ने सप्लाई साइड (कॉरपोरेट टैक्स कटौती) और डिमांड साइड (व्यक्तिगत कर राहत और जीएसटी सुधार) दोनों स्तरों पर बड़ी रियायतें दीं, लेकिन इसके बदले उद्योग जगत ने रोजगार बढ़ाने और वेतन बढ़ोतरी में वैसा योगदान नहीं दिया।
क्या सच में छूट से मिले लाभ के बावजूद कर्मियों और उनके वेतन में बढ़ोतरी नहीं कर रहा उद्योग जगत?
इसका जवाब तीन हिस्सों में समझा जा सकता है…
1. क्या सच में सरकार की छूट से लाभ पा रहे हैं भारतीय उद्योग?
केंद्र सरकार, निजी संस्थान- सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआई) और कुछ अन्य रिपोर्ट्स के आंकड़ों को लिया जाए तो सामने आता है कि भारतीय उद्योग जगत को सरकार की दी गई छूटों और नीतिगत सहयोग से प्रत्यक्ष और बड़ा वित्तीय लाभ हुआ है। हालांकि, इस लाभ का इस्तेमाल कंपनियों की ओर अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने और मुनाफा बढ़ाने में ज्यादा हुआ, बजाय इसके कि इसका सीधा फायदा नए निवेश, रोजगार या कर्मचारियों के वेतन में दिखता।
टैक्स कटौती से बंपर बचत
सितंबर 2019 में जब सरकार ने बेसिक कॉरपोरेट टैक्स दर को 30% से घटाकर 22% (प्रभावी दर 25.17%) और नई मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों के लिए 15% किया, तो इससे सरकार को सालाना लगभग 1.45 लाख करोड़ रुपये (करीब 20.5 अरब डॉलर) के राजस्व को छोड़ना पड़ा था। यह पूरा वित्तीय लाभ सीधे कॉरपोरेट कंपनियों की बैलेंस शीट में गया।
कॉरपोरेट टैक्स के अलावा जीएसटी दरों के सरलीकरण और आयकर रिफंड को तेज करने (2024 में 3.87 करोड़ से अधिक रिटर्न सात दिनों के अंदर प्रोसेस किए गए) से कंपनियों का फंसा हुआ पैसा तेजी से उनके पास लौटा और उनकी वर्किंग कैपिटल में सुधार हुआ।
मुनाफे में ऐतिहासिक उछाल
- निफ्टी 500 कंपनियों का शुद्ध मुनाफा 2025-26 में बढ़कर जीडीपी के 5.2% के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। दावा है कि इन 500 कंपनियों का मुनाफा भारत की जीडीपी की तुलना में तीन गुना तेजी से बढ़ा है।
- बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से ट्रैक की गई करीब 2,600 लिस्टेड कंपनियों ने जुलाई-सितंबर तिमाही में लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 26% की बढ़ोतरी दर्शाता है।
- ‘एनुअल सर्वे ऑफ इंडस्ट्रीज’ (एएसआई 2024-25) के मुताबिक, फैक्टरियों के कुल राजस्व में मुनाफे का हिस्सा 50.3% तक पहुंच गया। हालांकि, इस दौरान कर्मियों के मुआवजे की हिस्सेदारी घटकर करीब 33% रह गई।
- सरकार के 2025 के आर्थिक सर्वे ने भी दर्शाया गया कि 2024 में भारतीय कंपनियों का मुनाफा 15 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
2. अगर उद्योग जगत को फायदा तो फि नौकरियों-वेतन वृद्धि का आंकड़ा क्या?
सरकार के एनुअल सर्वे ऑफ इंडस्ट्रीज (एएसआई, थिंक टैंकों के अध्ययनों और आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, जहां उद्योग जगत का मुनाफा रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा है, वहीं नौकरियों और कर्मचारियों के वेतन से जुड़े आंकड़े चिंताजनक तस्वीर पेश करते हैं।
कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी के आंकड़े
- एएसआई के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 2024-25 में एक फैक्ट्री वर्कर का औसत सांकेतिक वेतन 5.3% बढ़कर 2.28 लाख रुपये सालाना पहुंचा। लेकिन 4.6% की घरेलू मुद्रास्फीति (महंगाई) को घटाने के बाद वास्तविक वेतन में केवल 0.7% की बढ़ोतरी हुई।
- पिछले छह वर्षों में से पांच वर्षों में फैक्ट्री श्रमिकों के वास्तविक वेतन की बढ़ोतरी 1% से कम रही है। 2023-24 में वास्तविक वेतन में केवल 0.1% की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि 2022-23 में इसमें 1.1% की शुद्ध गिरावट दर्ज की गई थी।
अगर कंपनियां मुनाफे के बावजूद नौकरियां-वेतन बढ़ोतरी नहीं दे पाईं तो पैसा खर्च कहां हुआ?
सरकार की अपेक्षा थी कि टैक्स छूट से जो बचत होगी, कंपनियां उसका इस्तेमाल नए कारखाने लगाने (केपेक्स), रिसर्च एंड डेवलपमेंट करने, नई भर्तियां करने और कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने में करेंगी। लेकिन आंकड़ों के मुताबिक, कंपनियों ने इस लाभ का अधिकांश हिस्सा विकास कार्यों में लगाया।
उद्योग जगत को कोई नुकसान या रुकावट भी?
उद्योगों का कहना है कि मुनाफा बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि सभी चुनौतियां खत्म हो गई हैं।
- आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 में लिस्टेड मैन्युफैक्चरर्स की बिक्री 10.8% बढ़ी, लेकिन कच्चे माल का खर्च 12% बढ़ गया, जिससे लागत का दबाव बना रहा।
- इसके अलावा वैश्विक टैरिफ की अनिश्चितता, बुनियादी कच्चे माल की घरेलू कमी और ऑटोमेशन की जरूरत जैसे कारणों से कंपनियां कर्मचारियों के विस्तार पर सतर्कता बरत रही हैं।
भारतीय उद्योग जगत को सरकार की रियायतों से भारी वित्तीय लाभ मिला है और उनकी बैलेंस शीट पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। हालांकि, जिस व्यापक आर्थिक मकसद, रोजगार में तेज वृद्धि, वास्तविक वेतन बढ़ोतरी और बड़े पैमाने पर निजी पूंजी निवेश के लिए ये छूटें दी गई थीं, उद्योग जगत ने उस मोर्चे पर सरकार की उम्मीदों के हिसाब से परिणाम नहीं दिए हैं।
Bureau Report
Leave a Reply