झुंझुनूं जिले के छापोली में सड़क निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गई। हादसे में आठ मजदूरों की मौत की सूचना सामने आई है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हैं और प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
11 हजार वोल्ट की लाइन से टकराई मशीन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छापोली में कदम कुंड की ओर जाने वाली सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन से टकरा गई। मशीन के बिजली लाइन की चपेट में आने से वहां काम कर रहे मजदूर करंट की चपेट में आ गए।
आठ मजदूरों की मौत की सूचना
शुरुआती सूचना के मुताबिक, हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, तीन-चार मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि का इंतजार है।
मौके पर जुटे ग्रामीण, अधिकारी रवाना
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। झुंझुनूं के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तथा हादसे की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, अशोक गहलोत ने हादसे की जांच कराने, जिम्मेदारी तय करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की।
Bureau Report
Leave a Reply