दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए रविवार से लागू प्रतिबंधों के पहले ही दिन शहर की सीमाओं पर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। आज दूसरे दिन भी चिल्ला बॉर्डर डीएनडी समेत कई मुख्य मार्गों पर चेकिंग की जा रही है। पुलिसकर्मी गैर बीएस-6 वाहनों को वापस भेज रहे हैं। जिस वजह से जाम की स्थिति बन गई है।
दिल्ली में बीएस-4 वाहनों के प्रवेश पर 1 नवंबर से रोक लगा दी गई है। वाहनों की जांच के कारण लंबी कतारें लग गईं। इस वजह से दिल्ली-एनसीआर की सीमाओं पर चेकिंग के दौरान वाहनों की कई किलोमीटर तक लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में बीएस-4 वाहनों की एंट्री बैन होने के कारण नोएडा-दिल्ली बॉर्डर (चिल्ला, डीएनडी और कालिंदी कुंज) पर भारी चेकिंग चल रही है। जिससे लंबे जाम के हालात बने हुए हैं। सोमवार सुबह से ही दिल्ली पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस व सुरक्षा बलों की तैनाती के बीच सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश की तरफ से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों को रोककर उनके उत्सर्जन मानक व दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
रविवार को कहीं सख्ती, कहीं दिखाई दी ढिलाई
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच बीएस-6 से कम श्रेणी के वाहनों की एंट्री पर रोक का असर रविवार को पूर्वी दिल्ली से सटे बॉर्डर पर अलग-अलग नजर आया। आनंद विहार, गाजीपुर, अप्सरा और लोनी बॉर्डर पर पुलिस ने दूसरे राज्यों से आने वाले वाहनों की जांच की। वहीं, चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस की तैनाती के बावजूद वाहनों को रोकने की कार्रवाई दिखाई नहीं दी।
गाजीपुर बॉर्डर पर दिल्ली की ओर आने वाले रास्तों पर पुलिसकर्मी वाहनों के दस्तावेज और उत्सर्जन मानक की जांच करते रहे। आनंद विहार बॉर्डर पर भी खासतौर पर डीजल वाहनों पर नजर रखी गई। प्रतिबंधित श्रेणी के वाहनों को दिल्ली में प्रवेश देने के बजाय वापस लौटाया गया। अप्सरा और लोनी बॉर्डर पर भी पुलिसकर्मियों ने जांच के दौरान बीएस-6 से कम श्रेणी के वाहनों को रोका।
Bureau Report
Leave a Reply