नोएडा के जेवर के दयानतपुर गांव में बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार की खुशियां सोमवार देर शाम मातम में बदल गई। घर में एलपीजी गैस सिलिंडर में रिसाव के बाद बिजली की लाइन में स्पार्किंग से आग लग गई। देखते ही देखते एलपीजी के दो सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए। हादसे में वीरपाल (56) और बेटे अभिषेक (24) की मौत हो गई जबकि अभिषेक की पत्नी काजल (23) और दो वर्षीय बेटा आदित्य गंभीर रूप से झुलस गए। परिवार में दो दिसंबर को बेटी धीरज कुमारी की शादी होनी थी।
शादी से नौ दिन पहले पिता और भाई की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया। जिस घर में शादी के कार्ड लिखे जा रहे थे, वहां कुछ ही देर में मातम छा गया। ग्रामीणों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे परिवार के सदस्य धीरज की शादी की तैयारियों में जुटे थे।
दो दिसंबर को हरियाणा के रोहतक में उसकी शादी होनी थी। घर में कार्ड लिखे जा रहे थे और मेहमानों को निमंत्रण देने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान घर में रखे एलपीजी सिलिंडर से गैस का रिसाव हुआ। बिजली की लाइन में स्पार्किंग होने से चिंगारी भड़की और गैस ने आग पकड़ ली। आग की चपेट में दूसरा सिलिंडर भी आ गया। दोनों सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गए।
धमाके के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आग की लपटों में वीरपाल, अभिषेक, काजल और आदित्य आ गए। काजल और आदित्य के चेहरे झुलस गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने वीरपाल और अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। घायलों का जेवर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। हादसे के समय वीरपाल की बेटी मंदिर गई थी।
दरवाजा तोड़कर घुसे पड़ोसियों ने बुझाई आग
धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। पड़ोस में रहने वाले राकेश और खेम सिंह ने हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वीरपाल के घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था।
दोनों ने दरवाजा तोड़ा और सबमर्सिबल चालू कर मोटा पाइप लगाया। इसके बाद आग की लपटों पर पानी डालना शुरू किया। आसपास के अन्य ग्रामीण भी मदद के लिए पहुंच गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने के साथ घर में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की।
सीएफओ प्रदीप चौबे के मुताबिक, शाम करीब 6:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। करीब 20 मिनट बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे, इसलिए दमकल की गाड़ियों का इस्तेमाल नहीं करना पड़ा।
घर का कमाऊ सहारा छिना बेटी की शादी पर संकट
वीरपाल और अभिषेक खेती-किसानी करके परिवार का खर्च चलाते थे। घर की इकलौती बेटी धीरज की शादी को लेकर दोनों ने कई सपने संजोए थे। दो दिसंबर को उसकी शादी रोहतक में होनी थी। हादसे ने घर का आर्थिक सहारा भी छीन लिया। अब परिवार में वीरपाल की पत्नी शकुंतला, बहू काजल और बेटी धीरज के सामने आगे की जिंदगी और परिवार चलाने की चुनौती है।
अभिषेक के छोटे बच्चे की जिम्मेदारी भी परिवार पर है। हादसे की जानकारी मिलने पर जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। शादी से पहले हुए इस हादसे से परिवार पर आए संकट को देखते हुए उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
घर में रखे थे 23 सिलिंडर फटते तो दहल जाता गांव
जिस घर में सिलिंडर फटा उसी घर में 23 सिलिंडर और रखे थे जो धमाके की चपेट में आने से रह गए। नहीं तो हादसा इतना भीषण रूप ले लेता जिससे गांव भी प्रभावित हो जाता। दरअसल, बेटी धीरज कुमारी की शादी के लिए जुटने वाले मेहमानों और ग्रामीणों के भोज के लिए पिता वीरपाल ने अलग-अलग गैस एजेंसियों ने 23 गैस सिलिंडर भी जुटाए थे। ताकि भोज तैयार होने में किसी तरह की कसर न रह जाए।
इसी तैयारियों के लिए दो दिन पहले ही सिलिंडर लाए गए थे। गनीमत रही कि सभी सिलिंडर वीरपाल के दूसरे घर में रखे थे। हालांकि दोनों घर साथ मिले हुए ही हैं। और जिस कमरे में सिलिंडर फटा वह दूसरे छोर पर था।
सीएफओ बोले- सिलिंडर से हो रहा था रिसाव, जांच जारी
सीएफओ प्रदीप चौबे के मुताबिक, घर में रखे सिलिंडर से गैस का रिसाव हो रहा था। इसी दौरान बिजली की लाइनों में स्पार्किंग हुई और चिंगारी से गैस ने आग पकड़ ली। आग की चपेट में दूसरा सिलिंडर भी आ गया।
घटनास्थल पर बिजली की वायरिंग जली हुई मिली है। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस सिलिंडर में धमाके के कारणों की जांच कर रही है।
गैस एजेंसी की भूमिका की जांच की मांग
हादसे के बाद मृतक वीरपाल के भाई कुशलपाल सिंह ने जेवर कोतवाली में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। तहरीर में गैस सिलेंडर की गुणवत्ता, वाल्व, सील, रिफिलिंग और सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ता ने संबंधित गैस एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
साथ ही दुर्घटनाग्रस्त सिलेंडर, वाल्व, रेगुलेटर और पाइप को सुरक्षित कर फॉरेंसिक जांच कराने तथा कंपनी और एजेंसी के रिफिलिंग व वितरण रिकॉर्ड की पड़ताल करने की मांग की है। शिकायत में केस दर्ज करने, आश्रितों को मुआवजा और घायलों के उपचार की भी मांग की गई है।
Bureau Report
Leave a Reply