महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को बुधवार को सीबीआई ने रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सीबीआई को सौरभ चंद्राकर की आठ दिन की रिमांड दे दी।
सीबीआई इस दौरान 11 नवंबर तक चंद्राकर से पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ में मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 12 नवंबर को उसे दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। सुरक्षा कारणों से सीबीआई आरोपी को रायपुर के बजाय दिल्ली ले जाकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी सौरभ चंद्राकर की कस्टडी हासिल करने के लिए अदालत में आवेदन दाखिल कर रखा है।
ओमान से हुई थी गिरफ्तारी
सौरभ चंद्राकर को रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर 8 जुलाई 2026 को ओमान की रॉयल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद सीबीआई और ईडी ने भारत सरकार के जरिए ओमान को प्रत्यर्पण का औपचारिक प्रस्ताव भेजा। इसके साथ ही ओमान पुलिस को गड़बड़ी से जुड़े सारे सबूत भी दिये गये। भारत सरकार की एजेंसी, इंटरपोल और ओमान के अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद प्रत्यर्पण को मंजूरी मिली। फिर सीबीआई टीम ओमान की राजधानी मस्कट पहुंची। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम एक नवंबर को सौरभ चंद्राकर को लेकर भारत पहुंची।
Bureau Report
Leave a Reply