भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। तीसरा दिन पूरी तरह भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा और कीवी गेंदबाजों को आज सिर्फ तीन ही सफलता मिली। भारत के लिए केएल राहुल ने शतकीय पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल दो रन से शतक लगाने से चूक गए। दिन के खेल की समाप्ति तक भारत ने पहली पारी में चार विकेट पर 486 रन बनाए हैं और उसे 118 रन की बढ़त मिल चुकी है। स्टंप्स के समय ऋषभ पंत 55 और नाइट वॉचमैन के तौर पर उतरे अंशुल कंबोज खाता खोले बिना क्रीज पर मौजूद थे।
न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर बनाया दबाव
न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे। भारत ने अच्छी बल्लेबाजी की और तीसर दिन शनिवार को एक विकेट पर 159 रन से आगे खेलना शुरू किया और आज 325 रन बनाए। भारत को तीन झटके देवदत्त पडिक्कल, केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल के रूप में लगे। राहुल ने टेस्ट करियर का 13वां शतक लगाया। उन्होंने पडिक्कल के साथ 165 रन की साझेदारी निभाई। पडिक्कल ने भी दूसरा टेस्ट अर्धशतक लगाया। पडिक्कल 175 गेंद में 10 चौके की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, राहुल ने 290 गेंद में नौ चौके और दो छक्के की मदद से 136 रन की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान गिल स्टंप्स से ठीक पहले 98 रन बनाकर आउट हुए और 12वें शतक से दो रन से चूक गए। उन्हें जैकब डफी ने क्लीन बोल्ड किया। गिल ने पंत के साथ 100 रन की साझेदारी निभाई। भारतीय पारी की खास बात यह रही कि शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने 50+ स्कोर किए। पंत ने भी 55 गेंद में टेस्ट करियर का 22वां अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले शुक्रवार को यशस्वी जायसवाल 89 गेंद में 16 चौके की मदद से 85 रन बनाकर आउट हुए थे।
तीसरे दिन भारत की बल्लेबाजी का सत्रवार प्रदर्शन
| सत्र | रन/विकेट | ओवर | रन रेट |
|---|---|---|---|
| पहला सत्र | 80/0 | 27 | 2.96 |
| दूसरा सत्र | 105/1 | 27 | 3.88 |
| तीसरा सत्र | 142/2 | 32 | 4.43 |
भारत की बड़ी साझेदारियां
भारत ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी की और न्यूजीलैंड पर बढ़त लेने में सफल रहा। भारत ने इस दौरान चार बड़ी साझेदारियां की। सबसे पहले यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़े। फिर राहुल और पडिक्कल के बीच 165 रनों की साझेदारी की। ये साझेदारी टूटने के बाद राहुल और गिल ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन और गिल और पंत ने चौथे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की। भारत अगर पहली पारी में बढ़त लेने में सफल रहा तो इसका श्रेय इन चार साझेदारी को जाता है। अब भारतीय टीम की कोशिश चौथे दिन बढ़त को और मजबूत करने की होगी। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी, काइल जेमीसन, जैकब डफी और नाथन स्मिथ ने एक-एक विकेट लिए हैं। ये पांचवीं बार है जब टेस्ट की एक पारी में भारत के शीर्ष पांच बल्लेबाजों ने 50+ स्कोर बनाए हैं।
टेस्ट की एक पारी में भारत के टॉप-5 बल्लेबाजों के 50+ स्कोर
| बनाम | मैदान | वर्ष |
|---|---|---|
| ऑस्ट्रेलिया | कोलकाता | 1998 |
| न्यूजीलैंड | मोहाली | 1999 |
| श्रीलंका | ब्रेबोर्न | 2009 |
| इंग्लैंड | धर्मशाला | 2024 |
| न्यूजीलैंड | वेलिंगटन | 2026 |
राहुल की ऐतिहासिक पारी
केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार शतक लगाकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 203 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनके टेस्ट करियर का 13वां शतक है। इसके साथ ही राहुल SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) के चारों देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के दूसरे ओपनर हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के सईद अनवर ऐसा कर चुके हैं।
राहुल ने इस शतक के साथ एक खास अंतरराष्ट्रीय सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया है। एशियाई बल्लेबाजों में मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, सईद अनवर, राहुल द्रविड़, यूनिस खान, कुमार संगकारा, विराट कोहली और केएल राहुल ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने SENA के चारों देशों में टेस्ट शतक लगाए हैं। हालांकि, इनमें सिर्फ सईद अनवर और केएल राहुल ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने बतौर ओपनर यह उपलब्धि हासिल की है। SENA देशों में भारतीय ओपनरों के टेस्ट शतकों की सूची में सुनील गावस्कर शीर्ष पर हैं। उनके नाम आठ शतक दर्ज हैं। केएल राहुल सात शतकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
केएल राहुल ने न्यूजीलैंड की धरती पर अपनी पहली टेस्ट पारी में शतक लगाकर खास उपलब्धि हासिल की। वह न्यूजीलैंड में अपनी पहली टेस्ट पारी में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सुनील गावस्कर और सुरिंदर अमरनाथ ने 1976 में ऑकलैंड टेस्ट में यह कारनामा किया था।
Bureau Report
Leave a Reply