रविवार देर रात न्यूयॉर्क के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक रीजनल जेट अचानक एयरपोर्ट के भीतर ही खड़े एक फायर ट्रक से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि देखते ही देखते पूरे एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया. घटना के तुरंत बाद इमरजेंसी टीमें हरकत में आ गईं. दमकल, एंबुलेंस और सुरक्षा कर्मियों ने मौके को घेर लिया और एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया. ला गार्डिया, जो अमेरिका के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट्स में गिना जाता है, वहां इस घटना का असर साफ देखने को मिला.
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में प्लेन के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा दिख रहा है. विमान के आसपास कई इमरजेंसी वाहन तैनात नजर आ रहे हैं, जिससे हालात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. फिलहाल अधिकारियों की ओर से 4 लोगों के घायल होने की बात बताई गई है. हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ शुरुआती रिपोर्ट्स में दो लोगों की मौत और करीब 70 लोगों के घायल होने का दावा किया जा रहा है. घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही पूरी स्थिति साफ होने की उम्मीद जताई जा रही है.
टैक्सीवे पर फ्लाइट AC8646 का एक्सीडेंट
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह विमान एयर कनाडा एक्सप्रेस की फ्लाइट AC8646 थी, जिसे जैज़ एविएशन संचालित करता है. यह एक बॉम्बार्डियर CRJ-900 जेट है. बताया जा रहा है कि हादसा उस वक्त हुआ जब विमान रनवे 4/22 के पास एक टैक्सीवे को पार कर रहा था और इसी दौरान उसकी टक्कर एक फायर ट्रक से हो गई. घटनास्थल से सामने आई शुरुआती तस्वीरों में विमान के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा हुआ दिख रहा है, जिससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है. टक्कर के तुरंत बाद इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतारकर टारमैक पर ले जाया गया.
इस बीच, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की रिकॉर्डिंग में टक्कर से ठीक पहले फायर ट्रक को ‘रुकने’ की चेतावनी दी जाती हुई सुनाई दे रही है. एहतियातन उसी समय एक डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई और उसे रोक दिया गया.
हादसे के बाद इमरजेंसी, एयरपोर्ट बंद
हादसे के तुरंत बाद अमेरिकी अधिकारियों ने एहतियातन इस बड़े ट्रांसपोर्ट हब से सभी उड़ानों को रोक दिया. एयरपोर्ट पर ‘ग्राउंड स्टॉप’ लागू कर दिया गया, यानी कोई भी फ्लाइट न उड़ान भर सकेगी और न ही लैंड कर सकेगी. फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने फिलहाल उड़ानें रोकने के पीछे की ठोस वजह सार्वजनिक नहीं की है. हालांकि एजेंसी ने संकेत दिया है कि यह प्रतिबंध आगे भी जारी रह सकता है, जिससे साफ है कि स्थिति को लेकर अब भी गंभीरता बनी हुई है.
Bureau Report
Leave a Reply