गुरुग्राम में फर्नीचर के चार गोदामों में लगी आग, पड़ोस में पेट्रोल पंप पर मचा हड़कंप

गुरुग्राम में फर्नीचर के चार गोदामों में लगी आग, पड़ोस में पेट्रोल पंप पर मचा हड़कंप

गुरुग्राम के सेक्टर 89 इलाके में उस वक्त भारी अफरा-तफरी मच गई, जब यहां एक साथ चार फर्नीचर गोदामों में भयंकर आग लग गई. आग की लपटें और धुएं का गुबार इतना विशाल था कि उसने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की जद्दोजहद शुरू कर दी.

वेल्डिंग की चिंगारी से भड़की आग
दमकल अधिकारी ने आग लगने के कारणों का खुलासा करते हुए बताया कि गोदाम के अंदर वेल्डिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान वेल्डिंग से निकली एक चिंगारी छिटक कर पास रखे लकड़ी के सामान पर जा गिरी. चूंकि गोदामों में नया और पुराना फर्नीचर भारी मात्रा में भरा हुआ था, इसलिए लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बहुत तेजी से फैल गई. देखते ही देखते पास के तीनों अन्य गोदाम भी इस विकराल आग की चपेट में आ गए.

अलग-अलग है चारों गोदामों के मालिक

हिदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक जानकारी के मुताबिक, इन चारों गोदामों के मालिक अलग-अलग हैं. दमकल अधिकारियों का कहना है कि फर्नीचर की लकड़ियां अत्यधिक ज्वलनशील हैं, जिस वजह से आग बुझाने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है और इसमें लंबा समय लग सकता है. इस अग्निकांड में अब तक लाखों रुपये की कीमत का फर्नीचर और लकड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो चुकी हैं. इस घटना ने प्रशासन की चिंता इसलिए भी बढ़ा दी थी क्योंकि जिस जगह आग लगी है, ठीक उसी के पास नायरा कंपनी का एक पेट्रोल और सीएनजी पंप स्थित है. आग की भयावहता को देखते हुए और किसी बड़े विस्फोट को टालने के लिए एहतियातन तुरंत पेट्रोल पंप को बंद करवा दिया गया. सुरक्षा के मद्देनजर दमकल की एक गाड़ी को विशेष रूप से पंप के पास तैनात किया गया 

ट्रैफिक डायवर्ट, जांच में जुटी पुलिस
हालात को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और वाहनों की आवाजाही को दूसरे रास्तों (डायवर्ट) पर मोड़ दिया है. फिलहाल प्रशासन की पहली प्राथमिकता आग को पूरी तरह से शांत करना है. इसके बाद ही कुल नुकसान का सही-सही आकलन किया जा सकेगा. पुलिस इस पूरी घटना की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही सभी गोदाम मालिकों से भी पूछताछ की जाएगी. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*