उत्तराखंड कांग्रेस का बड़ा एक्शन, पिथौरागढ़ के 3 दिग्गज नेता 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित

उत्तराखंड कांग्रेस का बड़ा एक्शन, पिथौरागढ़ के 3 दिग्गज नेता 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित

उत्तराखंड कांग्रेस से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर आलाकमान ने अब तक का सबसे बड़ा एक्शन लिया है. पिथौरागढ़ में हुए बवाल के बाद कांग्रेस ने अपने तीन बड़े दिग्गज नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है.

निष्कासित नेताओं में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र लुंठी, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी और दीपक लुंठी शामिल हैं. इन तीनों पर सम्मेलन के दौरान मंच से पार्टी के स्थानीय विधायक के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयानबाजी कर कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने का आरोप है. विवाद के बाद स्थानीय विधायक कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए थे.

क्या था पूरा मामला?
बीती 30 जून को पिथौरागढ़ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ चल रहा था. इसी दौरान मंच पर इन तीनों नेताओं ने स्थानीय कांग्रेस विधायक के खिलाफ जमकर गुटबाजी की और तीखे शब्द बाण छोड़े. विवाद इतना बढ़ गया कि विधायक कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर चले गए. प्रदेश अध्यक्ष के सामने हुए इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और हुड़दंग से पार्टी की छवि को भारी नुकसान पहुंचा था.

क्यों हुई इतनी सख्त कार्रवाई?
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी के मुताबिक, इन नेताओं के कृत्य को घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया है. पार्टी ने पहले इस मामले में पिथौरागढ़ जिला कमेटी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी और आरोपी नेताओं को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया. लेकिन नोटिस का कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर, राष्ट्रीय नेतृत्व (आलाकमान) की सहमति से इन तीनों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.

इस फैसले को उत्तराखंड कांग्रेस में अनुशासन कायम करने की दिशा में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. इससे पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि संगठन विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी नेता के खिलाफ कठोर कदम उठाने से वह पीछे नहीं हटेगी. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*