बाढ़ में स्नेक फार्म से भागे 900 जहरीले सांप, कई तैरते दिखे तो कुछ घरों में घुसे! चीन में कुदरत का ऐसा कहर पहले नहीं देखा

बाढ़ में स्नेक फार्म से भागे 900 जहरीले सांप, कई तैरते दिखे तो कुछ घरों में घुसे! चीन में कुदरत का ऐसा कहर पहले नहीं देखा

चीन इस समय इतिहास की सबसे खतरनाक प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है. देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, बाढ़ और भीषण बवंडर ने तबाही मचा रखी है. लेकिन इस तबाही के बीच एक ऐसी खबर आई है जिसने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है. दक्षिणी चीन के एक स्नेक फार्म से करीब 900 सांप भाग निकले हैं. ये सांप बाढ़ के पानी के साथ बहकर अब रिहायशी इलाकों की तरफ बढ़ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है.

सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे खतरनाक सांप बाढ़ में तैर रहे हैं और कुछ तो दीवारों पर लिपटे हुए हैं. वायरल हो रहे इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर memexsport.in ने शेयर किया है. चीन के गुआंग्शी प्रांत के हेंगझोउ में मयसक तूफान के कारण आई भीषण बाढ़ ने एक ऐसा खौफनाक मंजर पैदा कर दिया है जिसका वायरल वीडियो इंटरनेट पर दहशत फैला रहा है.

चीन में बाढ़ में बहे सांपों से दहशत

चीनी वेबसाइट साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के मुताबिक, बाढ़ के पानी के तेज दबाव में एक स्नेक फार्म की दीवार ढह गई जिसके बाद करीब 800 से 900 सांप, जिनमें कई जानलेवा कोबरा भी शामिल हैं, बहकर सीधे पास के रिहायशी गांवों में घुस गए हैं. हालात इतने भयावह हैं कि पानी के तेज बहाव में सुअर और शुतुरमुर्ग भी तिनके की तरह बहते हुए नजर आए.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल चीन को एक साथ कई मोर्चों पर कुदरत की मार झेलनी पड़ रही है. भारी बारिश, तेज आंधी, भूस्खलन और बवंडर के कारण अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि आधिकारिक तौर पर बाढ़ का सीजन 1 जुलाई से शुरू हुआ है. लेकिन इस बार ग्लोबल वॉर्मिंग और एल नीनो के असर की वजह से हालात उम्मीद से कहीं ज्यादा बदतर हो चुके हैं. आने वाले दिन चीन के लिए और भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं.

राष्ट्रपति शी जिनपिंग का ‘ऑल-आउट’ ऑर्डर

हालात की गंभीरता को देखते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने खुद कमान संभाल ली है. उन्होंने सरकारी अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों को ‘ऑल-आउट’ यानी पूरी ताकत से राहत और बचाव कार्य में जुटने का आदेश दिया है. शी जिनपिंग ने कहा है कि सभी स्थानीय सरकारें अपनी जिम्मेदारी समझें. नदियों, झीलों और बांधों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाए ताकि जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके. जो लोग घायल हैं, उन्हें तुरंत इलाज मिले और बेघर हुए लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जाए.

गुआंग्शी में सबसे खतरनाक ‘रेड अलर्ट’

दक्षिणी चीन का गुआंग्शी झुआंग इलाका इस बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है. यहां प्रशासन ने बाढ़ की चेतावनी को अपग्रेड करके ‘रेड अलर्ट’ कर दिया है, जो कि चीन के फोर-टीयर सिस्टम में सबसे खतरनाक स्तर माना जाता है. इलाके की 55 नदियों के 70 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पानी का स्तर खतरे के निशान से काफी ऊपर पहुंच चुका है. हालात को संभालने के लिए केंद्र सरकार की एक स्पेशल टास्क फोर्स को मौके पर भेजा गया है.

बोट्स के साथ वॉलेंटियर्स की अपील

बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए सरकार ने आम जनता और वॉलेंटियर टीमों से भी मदद मांगी है. लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी इन्फ्लेटेबल बोट्स (हवा वाली नावें) और स्टॉर्म बोट्स लेकर रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हों. एक तरफ जहां पानी का बहाव लोगों को बहा ले जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ पानी में तैरते 900 जहरीले सांपों का डर रेस्क्यू टीमों के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है. अगले कुछ दिन चीन के इन इलाकों के लिए बेहद नाजुक होने वाले हैं.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*