प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान एक बेहद अद्भुत और आध्यात्मिक नजारा देखने को मिला है. पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसने इंटरनेट पर धूम मचा दी है. इस वीडियो में इंडोनेशिया के ऐतिहासिक प्रम्बानन मंदिर में ‘ॐ नमः शिवाय’ का महाजाप गूंजता हुआ सुनाई दे रहा है. इस वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं और यह तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर जो वीडियो पोस्ट किया है, उसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “इंडोनेशिया के प्रम्बानन मंदिर में ॐ नमः शिवाय!.” इस वीडियो में देखा जा सकता है कि मंदिर परिसर में दर्जनों श्रद्धालु जमीन पर हाथ जोड़कर बैठे हैं. सभी लोग पूरी तरह ध्यान में लीन हैं और एक सुर में बार-बार ‘ॐ नमः शिवाय!’ का पवित्र उच्चारण कर रहे हैं. पीएम मोदी भी वहां हाथ जोड़कर खड़े हैं और महादेव की भक्ति में डूबे उन श्रद्धालुओं के साथ इस आध्यात्मिक माहौल का हिस्सा बने नजर आ रहे हैं.
राष्ट्रपति सुबियांतो के साथ पहुंचे मंदिर
पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ इस ऐतिहासिक प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा किया. दोनों नेताओं ने इस करीब 1,000 साल पुराने हिंदू मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की. आपको बता दें कि यह भव्य मंदिर त्रिमूर्ति यानी भगवान शिव, भगवान विष्णु और भगवान ब्रह्मा को समर्पित है. दोनों नेताओं ने हेलीकॉप्टर से योग्याकार्ता से इस यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल तक का सफर तय किया. इस दौरान पीएम मोदी ने आसमान से मंदिर परिसर का एक बेहद खूबसूरत हवाई नजारा भी सोशल मीडिया पर साझा किया और लिखा, ‘भव्य प्रम्बानन मंदिर!’.
भारत और इंडोनेशिया मिलकर संवारेंगे धरोहर
पीएम मोदी की यह यात्रा सिर्फ आध्यात्मिक लिहाज से ही नहीं, बल्कि कूटनीतिक रूप से भी बहुत खास है. इस यात्रा से ठीक एक दिन पहले भारत और इंडोनेशिया के बीच एक बड़ा समझौता हुआ है. दोनों देश मिलकर इस प्राचीन मंदिर परिसर के संरक्षण और जीर्णोद्धार के लिए एक संयुक्त प्रोजेक्ट शुरू करने पर सहमत हुए हैं. मंगलवार को हुई द्विपक्षीय बातचीत के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो ने इस संरक्षण पहल के लिए लेटर ऑफ इंटेंट का आदान-प्रदान किया. यह कदम भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के तहत दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करेगा.
कितना खास है प्रम्बानन मंदिर?
इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर स्थित प्रम्बानन मंदिर वहां का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर परिसर है. सिर्फ इतना ही नहीं, कंबोडिया के अंकोरवाट के बाद यह पूरे दक्षिण-पूर्व एशिया का दूसरा सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है. लगभग 40 हेक्टेयर के विशाल क्षेत्र में फैले इस ऐतिहासिक स्थल पर मूल रूप से करीब 240 मंदिर हुआ करते थे. यह मंदिर परिसर सदियों पुराने उन सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का जीता-जागता सबूत है, जो भारतीय उपमहाद्वीप और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच रहे हैं.
इस मंदिर का इतिहास बेहद पुराना और गौरवशाली है. माना जाता है कि 9वीं शताब्दी में हिंदू मताराम साम्राज्य के दौरान इस मंदिर परिसर का निर्माण शुरू हुआ था. इतिहासकारों के अनुसार, इसे राजा राकाई पिकातन ने बनवाना शुरू किया था और उनके उत्तराधिकारी लोकपाल ने इसे पूरा कराया था.
Bureau Report
Leave a Reply