तेलंगाना में खूनी खेल: जमानत पर छूटा आरोपी, बाहर आते ही कर डाले 6 मर्डर! पत्नी-दो बच्चों का भी रेता गला

तेलंगाना में खूनी खेल: जमानत पर छूटा आरोपी, बाहर आते ही कर डाले 6 मर्डर! पत्नी-दो बच्चों का भी रेता गला

तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाली खबर आ रही है. यहां शबाद इलाके में एक 35 साल के किसान ने शुक्रवार की रात खूनी तांडव मचाया. आरोपी ने एक-एक करके कुल 6 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी. मरने वालों में 16 साल की पीड़िता, उसकी मां, नानी और खुद आरोपी की पत्नी व उसके दो मासूम बच्चे शामिल हैं. इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है.

तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में शुक्रवार की रात एक ऐसी वारदात हुई जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. टीओआई की खबर के मुताबिक, शबाद कस्बे और उसके पास के गांव दैवलागुडा में एक 35 साल के किसान ने खूनी खेल खेला. आरोपी ने कुछ ही घंटों के भीतर कुल 6 लोगों की जान ले ली. पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात के करीब 10.45 बजे अपनी कार से शबाद कस्बा पहुंचा. वह सीधे उस 16 साल की लड़की के घर गया जिसने मई के महीने में उसके खिलाफ पीछा करने और परेशान करने का पॉक्सो (POCSO) केस दर्ज कराया था.

घर में घुसकर किया हमला

जैसे ही लड़की की 42 साल की मां ने दरवाजा खोला, आरोपी ने चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई. इसके बाद वह घर के अंदर घुसा और बिस्तर पर सो रही पीड़िता की 60 साल की नानी को भी मौत के घाट उतार दिया. हैरान करने वाली बात यह रही कि घर में पीड़िता की 20 साल की मानसिक रूप से कमजोर बहन भी थी, लेकिन आरोपी ने उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया. इसके बाद आरोपी ने 16 साल की किशोरी को जबरदस्ती अपनी कार में बैठाया और वहां से निकल गया.

झील के पास लड़की की हत्या

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी लड़की को लेकर अपने गांव की एक झील के पास पहुंचा. वहां उसने लड़की की चाकू मारकर हत्या कर दी और उसकी लाश को झील के बांध के पास फेंक दिया. पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात के 11.21 बजे अपने घर पहुंचा. वह घर के अंदर सिर्फ छह मिनट ही रुका. इतने कम समय में उसने कमरे में सो रही अपनी 31 साल की पत्नी, 4 साल के बड़े बेटे और महज 18 महीने के छोटे बेटे का गला रेत कर उन्हें भी मार डाला.

पिता को फोन कर कबूला जुर्म

इन सभी हत्याओं को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शबाद में रहने वाले अपने पिता को फोन किया. उसने फोन पर बताया कि उसने क्या किया है और इसके बाद वह कार लेकर फरार हो गया. पिता ने तुरंत इस बात की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि मई में पॉक्सो केस दर्ज होने के बाद आरोपी छिप गया था. जून में उसने शबाद की एक स्थानीय अदालत से अग्रिम जमानत ले ली थी. चूंकि इस मामले में 7 साल से कम की सजा का प्रावधान था, इसलिए कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने उसे पर्सनल बांड पर रिहा कर दिया था.

पुलिस कर रही है तलाश

फ्यूचर सिटी के कमिश्नर तरुण जोशी ने बताया कि आरोपी अभी फरार है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं. पुलिस का कहना है कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर अचानक ऐसा क्या हुआ जो उसने लड़की, उसके परिवार और फिर अपने ही हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया. पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*