20 किमी तक पीछा, कार पर बरसाए डंडे-सरिए… महिला से छेड़छाड़ का विरोध किया तो परिवार पर हमला

20 किमी तक पीछा, कार पर बरसाए डंडे-सरिए... महिला से छेड़छाड़ का विरोध किया तो परिवार पर हमला

महाराष्ट्र में एक परिवार रविवार की छुट्टी का आनंद लेने के लिए आठ लोगों का के साथ इगतपुरी के मशहूर भावली डैम और वॉटरफॉल इलाके में पहुंचा था. परिवार ने वहां खाना खाया, बच्चों के साथ समय बिताया और झरने के पास घूमने के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहा था.

परिवार का कहना है कि इसी दौरान वहां मौजूद दो लड़कों ने परिवार की एक महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दीं. आरोप है कि दोनों ने महिला को देखकर सीटी बजाई और उसका नाम लेकर उसे परेशान करने लगे. इसके बाद जब परिवार ने महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध किया, तो कुछ लोगों ने पहले मारपीट की और फिर उनकी कार का पीछा करते हुए करीब 20 किलोमीटर तक हमला किया.

पति ने विरोध किया तो बढ़ गया विवाद

पीड़ित महिला के मुताबिक, उसने तुरंत दोनों युवकों को डांटा. इसके बाद उसके पति भी आगे आए और पूछा कि सार्वजनिक जगह पर किसी महिला के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है. परिवार को उम्मीद थी कि बात यहीं खत्म हो जाएगी, लेकिन आरोपियों का रवैया और आक्रामक हो गया. महिला का कहना है कि कुछ ही देर में आसपास मौजूद कई अन्य लोग भी वहां पहुंच गए. बताया जा रहा है कि इनमें कुछ लोग पास में लगे फूड स्टॉल से जुड़े थे. देखते ही देखते वहां 8 से 10 लोगों की भीड़ जमा हो गई.

परिवार को घेरकर दी गई धमकियां

परिवार ने माहौल बिगड़ता देख वहां से निकलने की कोशिश की. लेकिन आरोप है कि भीड़ ने उन्हें जाने नहीं दिया. पहले गाली-गलौज हुई और फिर परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की गई. जब परिवार किसी तरह अपनी कार में बैठकर वहां से निकला, तब भी मामला शांत नहीं हुआ.

कार का 20 किलोमीटर तक किया पीछा

परिवार का आरोप है कि आरोपी अपनी गाड़ियों से उनके पीछे लग गए. करीब 20 किलोमीटर तक उनका पीछा किया गया. रास्ते में कई बार उनकी कार को रोकने की कोशिश की गई. आखिरकार आरोपियों ने कार को घेर लिया और उस पर डंडों और लोहे के सरियों से हमला शुरू कर दिया. कार के शीशे तोड़ दिए गए और गाड़ी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया. परिवार का कहना है कि पूरी घटना के दौरान कार में छोटे बच्चे भी मौजूद थे. अचानक हुए इस हमले से बच्चे बुरी तरह डर गए और अब तक सदमे में हैं.

महिला ने सुनाई पूरी आपबीती

पीड़ित महिला ने बताया कि वह अब भी उस घटना को याद करके सहम जाती है. उसके बताया कि हम सिर्फ पिकनिक मनाने गए थे. हमने किसी से कोई झगड़ा नहीं किया था. लेकिन सिर्फ विरोध करने की वजह से हमारे पूरे परिवार को निशाना बनाया गया. महिला ने कहा कि सबसे ज्यादा डर बच्चों की हालत देखकर लगा. वे पूरी घटना के दौरान रोते रहे और अब भी उस डर से बाहर नहीं निकल पाए हैं.

सोने की चेन और मोबाइल भी गायब होने का आरोप

परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट और धक्का-मुक्की के दौरान महिला के पति के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई. इसके अलावा परिवार की एक महिला का मोबाइल फोन भी घटना के बाद से गायब है. पुलिस अब मोबाइल की लोकेशन ट्रैक करने की कोशिश कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद इगतपुरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने अब तक छह आरोपियों की पहचान कर ली है और उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

पर्यटन स्थलों की सुरक्षा पर उठे सवाल

भावली डैम और वॉटरफॉल इगतपुरी के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिने जाते हैं. हर वीकेंड यहां बड़ी संख्या में परिवार और पर्यटक घूमने आते हैं. ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे पर्यटन स्थलों पर पुलिस की नियमित मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए ताकि परिवार बिना डर के घूम सकें.

एक विरोध की कीमत पूरे परिवार को चुकानी पड़ी

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सार्वजनिक जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर समाज कितना संवेदनशील है. एक परिवार, जो छुट्टी का दिन खुशी से बिताने निकला था, उसे सिर्फ इसलिए हिंसा का सामना करना पड़ा क्योंकि उसने कथित छेड़छाड़ का विरोध किया. अब परिवार को उम्मीद है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, जिससे भविष्य में किसी और परिवार को ऐसा डरावना अनुभव न झेलना पड़े.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*