रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ के 4 मिनट 9 सेकंड के ट्रेलर ने रिलीज होते ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया. इस ट्रेलर में ज्यादातर ध्यान लीड रोल्स पर ही रहा, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स की पैनी नजरों ने एक और बड़े एक्टर को ढूंढ निकाला. इस ट्रेलर के एक छोटे से सीन में बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय भी नजर आते हैं. बड़ी-बड़ी मूंछों, कवच और सोने का मुकुट पहने विवेक ओबेरॉय को पहली नजर में पहचान पाना बहुत मुश्किल होता है. फैंस भी उनके इस नए और निगेटिव लुक को देखकर काफी हैरान हैं.
सोशल मीडिया पर जैसे ही विवेक ओबेरॉय की झलक सामने आई, लोगों ने उनके किरदार को लेकर बातें करना शुरू कर दिया. फिल्म में विवेक ‘विद्युतजिह्व’ का रोल निभा रहे हैं, जो रावण की बहन शूर्पणखा के पति थे. पौराणिक कथाओं में विद्युतजिह्व का रोल काफी अहम माना जाता है, क्योंकि उनकी वजह से ही रावण की जिंदगी में कई बड़े मोड़ आते हैं. फैंस को लगता है कि नितेश तिवारी ‘रामायण’ में केवल मेन स्टोरी ही नहीं दिखाएंगे, बल्कि रावण की पर्सनल लाइफ और उसके परिवार के बाकी किरदारों को भी बड़े पर्दे पर लाने का काम करेंगे.
ट्रेलर में रावण और विद्युतजिह्व का आमना-सामना
ट्रेलर के इस छोटे से सीन को देखने के बाद लोग इंटरनेट पर अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं. कई फैंस का मानना है कि फिल्म में यश यानी रावण और विवेक ओबेरॉय यानी विद्युतजिह्व के बीच एक जबर्दस्त फाइट सीन देखने को मिल सकता है. आमतौर पर फिल्मों या टीवी शोज में विद्युतजिह्व के किरदार को ज्यादा स्क्रीन टाइम नहीं दिया गया है, लेकिन इस बार नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में ऐसे कम जाने-पहचाने किरदारों को भी बराबरी का मौका दिया जा रहा है. इसी बात ने लोगों के बीच फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है.
विवेक ओबेरॉय ने क्यों नहीं ली फिल्म के लिए फीस?
इस दमदार किरदार के अलावा विवेक ओबेरॉय एक और वजह से भी सुर्खियों में बने हुए हैं. अपने एक हालिया इंटरव्यू में विवेक ओबेरॉय ने खुद इस बात का खुलासा किया कि उन्होंने इस मोस्ट अवेटेड फिल्म में काम करने के लिए मेकर्स से एक भी रुपया फीस नहीं ली है. उन्होंने फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा से साफ कह दिया था कि वे अपनी पूरी फीस कैंसर से पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए दान करना चाहते हैं. विवेक का मानना है कि नमित जो काम कर रहे हैं, वे भारतीय सिनेमा को ग्लोबल लेवल पर एक अलग पहचान दिलाएगा.
फिल्म की शूटिंग और रामायण पर विवेक का नजरिया
विवेक ओबेरॉय ने बातचीत के दौरान ये भी बताया कि पूरी टीम इस प्रोजेक्ट पर कितनी लगन से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि अक्सर लोगों के बीच ये बहस होती है कि ‘रामायण’ पौराणिक कथा है या फिर हमारा इतिहास. विवेक और उनकी टीम का मानना है कि ‘रामायण’ हमारा सच्चा इतिहास है और इसी भावना के साथ पूरी फिल्म बनाई जा रही है. उन्होंने बताया कि नमित मल्होत्रा, नितेश तिवारी, यश और रकुल प्रीत सिंह के साथ काम करने का उनका एक्सपीरियंस बहुत ही शानदार रहा. हालांकि, उनका कहना है कि अभी उनके कुछ दिनों का शूट बाकी है.
‘रामायण’ की स्टारकास्ट में कौन-कौन शामिल है?
नितेश तिवारी की इस मल्टीस्टारर फिल्म ‘रामायण’ में बड़े-बड़े सितारे एक साथ पर्दे पर नजर आने वाले हैं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में दिखेंगे, तो वहीं साई पल्लवी माता सीता का रोल निभा रही हैं. साउथ स्टार यश इस फिल्म में रावण के खूंखार रूप में नजर आएंगे. इनके अलावा सनी देओल हनुमान जी के बेहद शक्तिशाली किरदार में दिखेंगे, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं. रावण की बहन शूर्पणखा के रोल में रकुल प्रीत सिंह और उनके पति विद्युतजिह्व के किरदार में विवेक ओबेरॉय अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरेंगे.
Bureau Report
Leave a Reply