नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका के कप्तानगंज इलाके से शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा अब धीरे-धीरे गंभीर रूप लेती जा रही है. शुरुआती घटनाओं के बाद हिंसा की लपटें मधेश प्रदेश के सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी जिलों तक पहुंच गई हैं. हालात को नियंत्रित करने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) और नेपाली सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है. संवेदनशील इलाकों में लगातार फ्लैग मार्च और गश्त की जा रही है ताकि किसी भी नई घटना को रोका जा सके.
स्थानीय प्रशासन के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है. इसी को देखते हुए शुक्रवार को भी सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी के कई इलाकों में कर्फ्यू जारी रखा गया है. सिरहा के गोलबाजार, लहान और सिरहा बाजार, धनुषा के जनकपुरधाम, पर्सा के वीरगंज तथा सप्तरी के राजविराज और बोदे बर्साइन जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों के आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. सुरक्षा बल लगातार इलाके में गश्त कर रहे हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
आगजनी, तोड़फोड़ और पथराव की घटनाओं से बढ़ा तनाव
हिंसा के दौरान कई स्थानों पर आगजनी, तोड़फोड़, लूटपाट और पथराव की घटनाएं सामने आई हैं. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, मधेश प्रदेश में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. घायलों में नेपाल पुलिस के दो डीएसपी समेत 22 पुलिसकर्मी भी शामिल बताए जा रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियां हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने और प्रभावित इलाकों में स्थिति सामान्य करने के प्रयास में जुटी हैं.
परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ा असर
हिंसा का असर आम जनजीवन के साथ-साथ परिवहन सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है. कर्फ्यू और कई सड़कों के बंद होने की वजह से सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हुआ है. भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मार्गों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. रेल और बस सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे यात्रियों को कई स्थानों पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन जरूरत के अनुसार यातायात व्यवस्था बहाल करने की कोशिश कर रहा है.
सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील
नेपाल प्रशासन ने लोगों से बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की अपील की है. साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री को साझा करने से बचने की सलाह दी गई है. अधिकारियों ने नागरिकों से कहा है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
हालात पर सरकार की लगातार नजर
नेपाल सरकार का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की लगातार समीक्षा की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. प्रशासन का कहना है कि जब तक कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक कर्फ्यू और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी. सरकार का मुख्य उद्देश्य हिंसा को अन्य इलाकों में फैलने से रोकना और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करना है.
Bureau Report
Leave a Reply