असम के गुवाहाटी में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है. इसके पहले 18 मई 2022 में दिल्ली में हुए श्रद्धा वालकर की हत्या उसके लिव-इन-पार्टनर आफताब ने की थी. गुवाहाटी के बसीष्ठापुर इलाके में एक फ्लैट के अंदर 25 साल की विवाहित महिला की भी श्रद्धा वालकर की तरह बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी गई. पुलिस को महिला का कटा हुआ सिर फ्रिज के अंदर पॉलीथिन में पैक मिला. इस वारदात के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
मृतका की पहचान रिया तालुकदार गोस्वामी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, इस महिला की हत्या बहुत ही दरिंदगी के साथ की गई है. आरोपी पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी उसके बाद उसके शव को ठिकाने लगाने की नीयत से पत्नी का सिर धड़ से काटकर अलग कर दिया और पॉलीथिन में रखकर फ्रिज के अंदर छिपा दिया. पुलिस की जांच के दौरान महिला की उंगलियां भी कटी हुई मिली हैं.
पति पर हत्या का आरोप
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नरेट के ईस्ट जोन के एडीसीपी अनुराग शर्मा ने बताया कि रिया के पति रामानुजन गोस्वामी को मामले में मुख्य आरोपी माना जा रहा है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर किया और पूछताछ के दौरान अपराध कबूल करने की बात सामने आई है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह अनुमान लगाया गया है कि हत्या शव बरामद होने से करीब 48 घंटे पहले हुई थी. पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है.
श्रद्धा वालकर की तर्ज पर दिया वारदात को अंजाम
18 मई 2022 में दिल्ली के छतरपुर इलाके में श्रद्धा वालकर और आफताब नाम का एक कपल लिव-इन-रिलेशन में रहने के लिए आया. कुछ ही दिनों के बाद आफताब ने श्रद्धा वालकर की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके शरीर को आरी से काटकर कई टुकड़ों में पूरी डेडबॉडी के टुकड़ों को महरौली के जंगलों से लेकर दिल्ली के कई इलाकों में फेंक दिया था. गुवाहाटी में भी पति ने अपनी पत्नी की हत्या इसी तर्ज पर की है. आफताब ने श्रद्धा के पिता विकास मदन वालकर के सामने इस बात को कबूल किया कि उसने अपने किराए के फ्लैट के शौचालय में बैठकर श्रद्धा की लाश के कई टुकड़े कर दिए थे और बाद में इन टुकड़ों को छतरपुर पहाड़ी में फेंककर निपटा दिया था.
छह महीने पहले हुई थी शादी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिया और रामानुजन की शादी करीब छह महीने पहले ही हुई थी. शादी के बाद दोनों गुवाहाटी के इसी फ्लैट में साथ रह रहे थे. पुलिस अब उनके वैवाहिक जीवन से जुड़ी परिस्थितियों और हत्या की वजह की भी जांच कर रही है. पुलिस को इस वारदात की जानकारी रविवार रात मिली. बताया जा रहा है कि फ्लैट से तेज बदबू आने के बाद पड़ोसियों को शक हुआ. उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद जांच टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट की तलाशी ली.
घटनास्थल से हथियार भी बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने फ्लैट से एक हथियार भी बरामद किया है. आशंका है कि इसी हथियार का इस्तेमाल हत्या में किया गया हो सकता है. पुलिस ने हथियार को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है और मामले से जुड़े अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और घटना से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
Bureau Report
Leave a Reply