क्रिकेट से उलट टेबल टेनिस में अलग तस्वीर: भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से रौंदा, मैच के बाद खिलाड़ियों ने मिलाया हाथ

क्रिकेट से उलट टेबल टेनिस में अलग तस्वीर: भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से रौंदा, मैच के बाद खिलाड़ियों ने मिलाया हाथ

एशियन गेम्स 2026 के तीसरे दिन की शुरुआत भारतीय टेबल टेनिस टीम ने धमाकेदार जीत के साथ की. सुतीर्था मुखर्जी, सिंड्रेला दास और श्रीजा अकुला की तिकड़ी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए एकतरफा मुकाबले में पाकिस्तान को 3-0 से रौंदा. इस मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हाथ भी मिलाया. क्रिकेट के उलट टेबल टेनिस से अलग तस्वीर सामने आई. पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारतीय क्रिकेट में पाकिस्तान के साथ हाथ न मिलाने की सख्त पॉलिसी अपनाई जा रही है. तब से भारतीय कप्तान और खिलाड़ियों ने मैच से पहले या मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाय है. महिला क्रिकेट टीम भी यही पॉलिसी अपना रही है. हालांकि, दूसरे खेलों में ऐसा नहीं रहा है. हाल ही में हॉकी विश्व कप के दौरान भारतीय खिलाड़ी मैच शुरू होने से पहले पाकिस्तानी प्लेयर्स के साथ हाई-फाइव करते हुए देखे गए.

मैच की बात करें तो सुतीर्था मुखर्जी ने भारतीय टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. इस दौरान पाकिस्तान की खिलाड़ी अलीना सुतीर्था के सामने पूरी तरह से बैकफुट पर नजर आईं. सुतीर्था पूरे मैच में हावी रहीं और उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ी को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया. सुतीर्था ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पहले गेम को 11-3 से अपने नाम किया. इसके बाद दूसरे गेम में भी सुतीर्था का दबदबा देखने को मिला और उन्होंने यह गेम 11-3 से जीता. तीसरे गेम को 11-4 से जीतने के साथ ही सुतीर्था ने मैच को अपने नाम करते भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई.

सिंड्रेला की भी शानदार जीत

इसके बाद दूसरे मुकाबले में सिंड्रेला दास ने दमदार प्रदर्शन किया. भारतीय युवा खिलाड़ी सिंड्रेला ने पाकिस्तान की कुलसूम खान के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया और उन्हें आसानी से 11-6, 11-7, 11-5 से शिकस्त देते हुए भारत को मुकाबले में 2-0 की बढ़त दिलाई. सिंड्रेला के आगे कुलसूम की एक नहीं चल सकी और वह बुरी तरह से संघर्ष करती दिखाई दीं.

श्रीजा ने खत्म किया मुकाबला

तीसरे मैच को जीतकर श्रीजा अकुला ने भारत की जीत पर मुहर लगाई. श्रीजा पाकिस्तान की खिलाड़ी फातिमा खान के खिलाफ पूरे मैच में हावी नजर आईं और उन्होंने मैच को 11-4, 11-4 और 11-5 से अपने नाम किया. श्रीजा की जीत के साथ ही भारत ने पाकिस्तान को धूल चटाते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*