आंध्र प्रदेश के कृष्णापुरम स्थित एक आवासीय स्कूल में बच्चियों के बाल काटे जाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब 9वीं क्लास में पढ़ने वाली कई छात्राओं के बाल कथित तौर पर सोते समय काट दिए गए. इस पूरे घटनाक्रम के बाद बालिकाओं के स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि घटना शनिवार रात की है और रविवार की सुबह इसका पता चला.
कुछ छात्राओं ने शिकायत की कि सोते समय उनके बाल काट दिए गए. शुरुआत में इस घटना से आशंका पैदा हुई कि कहीं कोई बाहरी व्यक्ति स्कूल परिसर में दाखिल तो नहीं हुआ था.
10 छात्राओं के साथ हैरान करने वाला वाकया
उस रात छह छात्राएं एक कमरे में, जबकि चार छात्राएं दूसरे कमरे में सो रही थीं. सुबह उठने पर सभी 10 छात्राओं ने देखा कि उनकी चोटियां कटी हुई थीं. शुरुआत में यह आशंका जताई गई कि कोई अनजान व्यक्ति स्कूल परिसर में दाखिल हुआ और सोते समय छात्राओं के बाल काट दिए. इस एपिसोड की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया.
छात्राओं ने सुनाई आपबीती
रविवार को भीमुनिपट्टनम के विधायक गंता श्रीनिवास राव स्कूल पहुंचे और छात्राओं, शिक्षकों तथा अभिभावकों से बातचीत कर इस पूरे चौंकानेवाले अप्रत्याशित घटनाक्रम की जानकारी ली. भीमुनिपट्टनम के इंस्पेक्टर जी. दिवाकर यादव समेत पुरे पुलिस अमले ने स्कूल परिसर का गहराई से निरीक्षण किया. पीड़ित छात्राओं ने बताया कि उन्हें पता ही नहीं चला कि उनके बाल कब, कैसे और किसने काटे.
प्रारंभिक जांच के बाद विधायक ने कहा कि स्कूल में सुरक्षा के इंतजाम मौजूद हैं और किसी बाहरी व्यक्ति के परिसर में घुसने की संभावना नजर नहीं आती. उन्होंने बताया कि जांच में स्कूल के अंदर की ही कुछ छात्राओं की संलिप्तता की बात सामने आई है. हालांकि, ऐसा क्यों किया गया और इसके पीछे क्या वजह थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है.
गंता श्रीनिवास राव ने कहा कि यह संवेदनशील मामला है और फिलहाल पूरा ध्यान तथ्यों का पता लगाने पर होना चाहिए. उन्होंने बताया कि छात्राओं की काउंसलिंग की गई है और जांच के जरिए घटना की वास्तविक वजह सामने लाने की कोशिश की जा रही है.
चोटी कटवा की बुरी यादें हुई ताजा
अगस्त 2017 में उत्तर भारत के कई राज्यों में ऐसी घटनाएं सामने आई थीं. हरियाणा, यूपी, बिहार तक सामने आई उन सिलसिलेवार घटनाओं में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए थे. ताज नगरी आगरा से लेकर हाईटेक सिटी गुरुग्राम तक ऐसे मामलों की गूंज ने देशभर के लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा था.
Bureau Report
Leave a Reply