मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में गणेश पंडाल में दर्दनाक हादसा हो गया. गणेश विसर्जन के बाद पंडाल में 7-8 युवक सो रहे थे. इस दौरान करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हुए हैं. एक घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है. दो अन्य घायलों का इलाज नैनपुर अस्पताल में चल रहा है.हादसा शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे हुआ.
मृतकों की पहचान जानू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, गांव में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापित की गई थी. विसर्जन समारोह के बाद लगभग सात-आठ युवक पंडाल में सो रहे थे. सुबह करीब 5:30 बजे, अचानक पंडाल में करंट फैल गया, जिससे सो रहे युवक बुरी तरह झुलस गए. यह घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला.
गांव में पसरा मातम
घटना की जानकारी मिलने पर नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पंडाल में करंट कैसे फैला और इसके लिए कौन जिम्मेदार है? पुलिस का मानना है कि इसके पीछे कोई खराब बिजली का तार या शॉर्ट सर्किट हो सकता है. हालांकि, असली वजह जांच की पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी. इस दुखद घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है. गणेश विसर्जन के जश्न के बीच हुई इस घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है. परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं और प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
Bureau Report
Leave a Reply