हाल ही में हुए Microsoft के बड़े इवेंट में सिर्फ नए लैपटॉप ही लॉन्च नहीं हुए, बल्कि कंपनी ने यह भी दिखाया कि आने वाले टाइम में आपका Windows PC कैसे खुद-ब-खुद आपके काम निपटाएगा. इस इवेंट का सबसे बड़ा हीरो रहा 128GB RAM वाला Surface Laptop Ultra, जो काफी पावरफुल लैपटॉप है. आइए समझते हैं कि Microsoft के इस इवेंट में ऐसा क्या खास आया जो आपकी डिजिटल लाइफ बदलने वाला है.
Surface Laptop Ultra हुआ लॉन्च
माइक्रोसॉफ्ट ने इवेंट में अपने सबसे पॉवरफुल सरफेस लैपटॉप अल्ट्रा को पेश कर दिया है. इसमें एनवीडिया का RTX Spark प्लेटफॉर्म इस्तेमाल किया गया है. सबसे तगड़ी बात यह है कि इसे आप 128GB RAM तक कस्टमाइज करवा सकते हैं. इसका मतलब यह है कि भारी से भारी AI मॉडल्स, 3D रेंडरिंग और 8K वीडियो एडिटिंग जैसी चीजें बिना किसी लैग के चलेंगी. यह लैपटॉप 120 बिलियन पैरामीटर वाले AI मॉडल्स को बिना इंटरनेट, सीधे लैपटॉप के अंदर ही रन कर सकता है. इसमें 15-इंच की टचस्क्रीन और एक नया कूलिंग सिस्टम दिया गया है, ताकि काम करते वक्त लैपटॉप गर्म न हो.
कितनी है कीमत?
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने टेस्ट्स में दावा किया है कि AI इमेज जनरेशन में यह MacBook Pro 16-इंच (M5 Pro) से 4.3 गुना तेज है और AI वीडियो बनाने के मामले में 6.2 गुना तेज काम करता है. अब बात करते हैं जेब पर पड़ने वाले बोझ की. सरफेस लैपटॉप अल्ट्रा की शुरुआती कीमत $2,599 (लगभग ₹2,51,430) रखी गई है. वहीं इसके टॉप मॉडल (20-core प्रोसेसर, 128GB RAM और 1TB स्टोरेज) की कीमत $5,899 (लगभग ₹5,70,690) तक जाती है. इसकी शिपिंग 16 अक्टूबर से शुरू होगी.
क्या है AI Agents और हाइब्रिड इंटेलिजेंस?
माइक्रोसॉफ्ट का असली मकसद सिर्फ लैपटॉप बेचना नहीं है, बल्कि Windows को AI Agents का नया घर बनाना है. कंपनी हाइब्रिड इंटेलिजेंस का नया कांसेप्ट लाई है. आसान शब्दों में समझें तो आपका कंप्यूटर अब इतना स्मार्ट हो जाएगा कि वह समझ पाएगा कि कौन सा काम आपके लैपटॉप की चिप पर लोकल लेवल पर करना है और कौन सा काम इंटरनेट पर भेजना है. इससे आपका डेटा भी सुरक्षित रहेगा और काम की स्पीड भी सुपरफास्ट हो जाएगी. ये AI एजेंट्स बिना रुके 24 घंटे कोड लिख सकते हैं, फाइलें सेट कर सकते हैं और आपके सारे बैकग्राउंड टास्क खुद निपटा सकते हैं.
क्या AI एजेंट आपके PC का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं? सुरक्षा का नया प्लान
जब AI एजेंट्स आपके कंप्यूटर की फाइलें और डेटा खुद एक्सेस करेंगे, तो डर इस बात का है कि कहीं वे कुछ गलत न कर बैठें. इसके समाधान के लिए माइक्रोसॉफ्ट ने Microsoft Execution Containers (MXC) लॉन्च किया है. यह सेफ्टी टूल AI एजेंट को एक लिमिटेड दायरे में रखता है. यानी AI एजेंट सिर्फ उन्हीं फाइलों और नेटवर्क को छू पाएगा जिसकी इजाजत आप देंगे. ओपनएआई का कोडेक्स, GitHub Copilot और मेटा का Muse ऐप इस नए सिक्योरिटी फीचर को सपोर्ट करते हैं.
GitHub Copilot अब आपके PC की फाइलें समझेगा
कोडिंग करने वालों के लिए अच्छी बात यह है कि GitHub Copilot अब पीसी में रखे लोकल एआई मॉडल्स का इस्तेमाल कर सकेगा. HydraFusion नाम की टेक्नोलॉजी की मदद से Copilot आपकी परमिशन लेकर आपके कंप्यूटर की फाइल्स, रीसेंट एक्टिविटी और डॉक्युमेंट्स को समझकर सीधे काम कर सकता है. यह फाइलें आर्गेनाइज कर सकता है, PC की दिक्कतों को ठीक कर सकता है और बड़े-बड़े कोडिंग प्रोजेक्ट्स को चुटकियों में संभाल सकता है.
डेवलपर्स के लिए Surface RTX Spark Dev Box और एआई सुपरकंप्यूटर
जो लोग AI ऐप्स और बड़े मॉडल्स बनाते हैं, उनके लिए माइक्रोसॉफ्ट ला रहा है Surface RTX Spark Dev Box. यह एक स्पेशल डेस्कटॉप जैसा सिस्टम है जो बिना इंटरनेट भारी-भरकम AI मॉडल्स की टेस्टिंग करने में मदद करेगा. इतना ही नहीं, बड़ी-बड़ी कंपनियों के लिए माइक्रोसॉफ्ट ने DGX Station for Windows भी पेश किया है, जिसमें एनवीडिया का GB300 Grace Blackwell Ultra Desktop Superchip लगा है. यह 1 ट्रिलियन (1 Trillion) से भी बड़े पैरामीटर वाले AI मॉडल्स को चला सकता है.
Windows Search हुआ स्मार्ट: अब बोलकर या टाइप करके बदलें सेटिंग्स
डेली के इस्तेमाल के लिए विंडो सर्च में बहुत ही बढ़िया फीचर जोड़ा गया है. अब आपको सेटिंग्स में अंदर तक जाकर चीजें ढूंढने की जरूरत नहीं है.आपको बस Windows सर्च में लिखना होगा – “Switch to dark mode”, “Turn on Do Not Disturb”, या “Dim my screen” और Windows खुद ही वो सेटिंग ऑन कर देगा. इसके अलावा आप सर्च बार से सीधे किसी को मैसेज भी भेज सकेंगे कि “मैं 10 मिनट में पहुंच रहा हूं”.
गेमर्स के लिए भी खुशखबरी
माइक्रोसॉफ्ट के ये नए RTX Spark वाले AI PCs गेमिंग के मामले में भी किसी से कम नहीं हैं. इनमें DirectX Ray Tracing और DirectStorage जैसी तकनीकें दी गई हैं. माइक्रोसॉफ्ट ने ऐलान किया है कि कॉल ऑफ ड्यूटी गेम 2027 में RTX Spark डिवाइसेज के लिए आएगा.
Bureau Report
Leave a Reply