पहले मारी टक्कर फिर यू टर्न लेकर दोबारा कुचला, ऑस्ट्रेलियाई सांसद का काटना पड़ा पैर; PM बोले- जानबूझकर किया हमला

पहले मारी टक्कर फिर यू टर्न लेकर दोबारा कुचला, ऑस्ट्रेलियाई सांसद का काटना पड़ा पैर; PM बोले- जानबूझकर किया हमला

ऑस्ट्रेलिया में निर्दलीय सांसद हेलेन हेन्स पर जानलेवा हमला किया गया. एक कार ड्राइवर ने उनके चुनाव कार्यालय के बाहर उन्हें 2 बार कुचला, जिसके चलते 65 साल के सांसद के दोनों पैरों पर गंभीर चोटें आईं. चोट इतनी भायनक थी कि डॉक्टर को उनका एक पैर काटना पड़ा. दूसरे पैर को बचाने की कोशिश की जा रही है.

‘द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना सोमवार ( 19 अक्टूबर 2026) को विक्टोरिया राज्य के वांगाराटा शहर में हेन्स के निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय के बाहर हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक टोयोटा लैंडक्रूजर कार ने पहले हेन्स को टक्कर मारी. आरोप है कि चालक ने यू-टर्न लेकर कार वापस घुमाई और उन्हें दूसरी बार टक्कर मारी, जिससे वह अपनी कार के साथ दब गईं. 

प्रधानमंत्री ने की निंदा

घटना के बाद हेन्स को हेलीकॉप्टर से मेलबर्न के अल्फ्रेड अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी आपातकालीन सर्जरी की गई. डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने घटना को जानबूझकर किया गया हमला बताया है. उन्होंने कहा कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं लगती. हालांकि, हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है. 

जानबूझकर किया गया हमला? 

पुलिस ने इस मामले में 43 साल के एक व्यक्ति ब्रेंडन नूजंट को घटनास्थल से गिरफ्तार किया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों ने चालक को कार से बाहर निकालकर पुलिस के पहुंचने तक रोके रखा. पुलिस को आरोपी के पास से चाकू भी मिला है. मामले की जांच की जा रही है और अधिकारियों ने अभी हमले के पीछे के मकसद की पुष्टि नहीं की है. वहीं, आरोपी के परिवार ने मंगलवार को एक बयान जारी कर घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि उनके 20 से ज्यादा सालों से दोस्त रहीं हेन्स के साथ ऐसी वारदात हुई, ये सुनकर ही कष्ट हो रहा है. स्थानीय लोगों और पड़ोसियों का कहना है कि ब्रेंडन नूजंट का परिवार पिछले कुछ महीनों से उसके अजीब बर्ताव को लेकर काफी चिंतित हो गया था. उनके पिता रॉड न्यूजेंट और उनकी पार्टनर क्रिस्टीन कनिंघम बयान में कहा,’ हम विक्टोरिया पुलिस की हर संभव मदद करेंगे.’ 

कौन हैं हेलेन हेन्स?  

ऑस्ट्रेलिया की संघीय संसद में इंडी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली हेलेन हेन्स पहली बार 2019 में निर्वाचित हुई थीं. वह 2022 और 2025 में भी दोबारा चुनी गईं. उनकी पहचान अपने क्षेत्र के लोगों से जुड़े मुद्दे उठाने वाली निर्दलीय सांसद के रूप में रही है. घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. प्रधानमंत्री अल्बनीज ने हेन्स के प्रति समर्थन जताते हुए उनके सार्वजनिक जीवन और अपने निर्वाचन क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल इसे अलग-थलग घटना माना जा रहा है और व्यापक समुदाय के लिए किसी अतिरिक्त खतरे की सूचना नहीं है. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*