कहासुनी होने पर बस के आगे वाले हिस्से के पायदान पर शीशा साफ करने के लिए लगे पायदान पर लटके व्यक्ति को 15 किलोमीटर दूर तक चालक ले गया। वहां पर व्यक्ति का नियंत्रण बिगड़ा और वह गिर गए। व्यक्ति को गिरने के बाद भी चालक ने बस को रोका नहीं। बस को उसके ऊपर चढ़ा दिया और उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दौरान पिता के पीछे-पीछे बेटा भी अपनी गाड़ी से बस को रोकने के लिए प्रयास कर रहा था। मृतक की पहचान मानेसर गांव निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। बेटे की शिकायत पर मानेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तनुष कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे उनके पिता कृष्ण कुमार घर से मानेसर बस स्टैंड के लिए निकले थे। कुछ देर बाद पिता का फोन मां गीता देवी के पास आया। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड पर एक बस चालक से उनकी कहासुनी हो रही है। यह सुनकर वह तुरंत ही बस स्टैंड पहुंचे गए। वहां राजस्थान नंबर की बस खड़ी थी और चालक व परिचालक उनके पिता से तीखी बहस कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने शिकायतकर्ता को अपनी तरफ आते देखा तो उन्होंने बस को भगाना शुरू कर दिया। बेटे का कहना है कि इसी दौरान बुजुर्ग कृष्ण कुमार बस के अगले हिस्से में लगे पायदान पर लटक गए। उन्होंने और उनके बेटे ने चालक को बस रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका।
15 किलोमीटर तक की पिता को बचाने की कोशिश, गाड़ी भी हुई क्षतिग्रस्त
पिता को बचाने के लिए बेटे ने अपनी कार से बस का पीछा किया और आगे लगाकर रोकने का काफी प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने कार में टक्कर मार दी, लेकिन बस को रोका नहीं। लगातार व्यक्ति भी चालक से रोकने के लिए बोल रहा था लेकिन बस को फिर भी नहीं रोका गया। इन 15 किलोमीटर के दायरे के दौरान भी किसी भी व्यक्ति ने उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया। अगर किसी ने रोकने का प्रयास किया होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। 15 किलोमीटर बाद भी जब कापड़ीवास बॉर्डर पर बस ने मोड़ लिया तो बस के पायदान पर फंसे व्यक्ति का संतुलन बिगड़ा और वह गिर गए। गिरने के बाद बस उनको को कुचलते हुए चली गई। इसके बाद बेटे ने उन्हें वहां से निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया ,जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि मानेसर बस स्टैंड से कापड़ीवास बॉर्डर तक की सीसीटीवी फुटेज को इकट्ठा किया जा रहा है। बस मालिक से संपर्क हो गया है। जल्द ही चालक को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
Bureau Report
Leave a Reply