नईदिल्ली: B.Sc (Math) से ग्रैजुएट प्रणय तिवारी को मोबाइल पर ‘अंडरवर्ल्ड डॉन’ रिजवान खान बनते देर नहीं लगती थी। उसकी आवाज भारी हो जाती, बोलने का अंदाज टपोरी जैसा होता। जिसको कॉल मिलाता, उसे बीवी-बच्चों समेत मरवाने की धमकी देता। बदले में मोटी फिरौती मांगता। सिर्फ हाई-प्रोफाइल लोगों को टारगेट करता। जिसकी जैसी हैसियत होती, वैसी डिमांड रखता। किसी से 5 करोड़ तो किसी से 5 लाख। इस तरह उसने अंडरवर्ल्ड के नाम पर ताबड़तोड़ कॉल करके सनसनी फैलाई हुई थी। अलग-अलग राज्यों की पुलिस 27 साल के इस ‘डॉन’ के पीछे हाथ धोकर पड़ी थी। आखिरकार, प्रणय उर्फ रिजवान खान दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने मध्य प्रदेश में रीवा के तीन जंगलों की खाक छानकर उसे गिरफ्त में लिया है। दरअसल, दिल्ली के अलग-अलग थानों में रिजवान खान की धमकी के चार केस दर्ज हैं। एक केस में क्राइम ब्रांच की टीम उसे फिरौती देने के बहाने मध्य प्रदेश पहुंची। रिजवान ने फिरौती की रकम लेने के लिए पहले एक जंगल में बुलाया। पुलिस वहां इंतजार करती रह गई, लेकिन रकम लेने कोई नहीं पहुंचा। अगले दिन दूसरे जंगल में बुलाया, लेकिन वहां भी कोई नहीं मिला। फिर कॉल करके तीसरे जंगल में बुलाया। वहां धरा गया।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि रिजवान खान के नाम से अंडरवर्ल्ड के नाम पर आने वाली फिरौती की ताबड़तोड़ कॉल्स दिल्ली पुलिस के लिए चुनौती बन चुकी थी। चार केस दर्ज हो चुके थे, कई शिकायतें पेंडिंग थी। खुद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल रिजवान की तलाश में लगी थी।
चॉकलेट की मिठास में घोलता था कड़वाहट!
Bureau Report
Leave a Reply