आरसीए चुनाव: रुचिर के लिए मुश्किल हुआ मैदान, करीब आए सीपी-पठान, नामांकन आज से

आरसीए चुनाव: रुचिर के लिए मुश्किल हुआ मैदान, करीब आए सीपी-पठान, नामांकन आज सेजयपुर : राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के चुनाव से एेन पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सीपी जोशी और हज कमेटी के चेयरमैन अमीन पठान नजदीक आ गए हैं। दोनों गुरुवार दोपहर पूर्व केन्द्रीय मंत्री लालचंद कटारिया के निजी आवास पर मिले। वहां चुनावी रणनीति तैयार की गई। इस गुप्त बैठक में 18 जिला संघों के पदाधिकारी भी शामिल हुए, जिन्हें बाहर किसी से भी चर्चा नहीं करने की हिदायत दी गई। दरअसल, आरसीए चुनाव में अध्यक्ष पद पर ललित मोदी के बेटे रुचिर की दावेदारी सामने आने के बाद जोशी गुट सक्रिय हो गया है। अब वह जोशी को रुचिर के सामने चुनाव में उतारना चाहता है। पिछले चुनाव में जोशी ने अंतिम समय पर नाम वापस ले लिया था। इससे ललित मोदी को अध्यक्ष बनने का आसान रास्ता मिल गया था। 

जोशी गुट का दावा है कि जोशी नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन 23 अप्रेल को पर्चा दाखिल करेंगे। इस दौरान उनके साथ समर्थक सभी जिला संघ मौजूद रहेंगे। बैठक में आए सभी 18 जिला संघों के पदाधिकारियों की निगरानी के लिए जोशी गुट ने प्रत्येक जिले में खास लोगों को जिम्मेदारी दी है। इन जिला संघों में से जोशी ने कुछ खास लोगों को अन्य जिलों के पदाधिकारियों से भी संम्पर्क साधने के लिए कहा है। बैठक के बाद भी जोशी देर रात तक चुनावी जोड़तोड़ में लगे रहे। बैठक में जयपुर, टोंक, सीकर, कोटा, भीलवाड़ा, उदयपुर, राजसमंद, करौली सहित अन्य जिला संघों के पदाधिकारी मौजूद होने की बात सामने आई है। 

अध्यक्ष पद पर जोशी की दावेदारी को भांपते हुए लंदन में बैठे ललित मोदी ने उन पर ट्वीट कर तंज कसे हैं। बेटे रुचिर की दावेदारी से तुलना करते हुए मोदी ने इस मुकाबले को ‘ओल्ड ट्रक वर्सेज यंग गन’ बताया है। मोदी ने गुरुवार को पहले इंस्टाग्राम और फिर कुछ ट्वीट किए। इसमें उन्होंने ‘पप्पू पपेट’ भी लिखा है। 

मोदी ने इंस्टाग्राम पर रुचिर के एक इंटरव्यू को शेयर कर जोशी के आने से मुकाबले को रोमांचक बताया। मोदी ने रुचिर को संबोधित कर लिखा, मौजूदा दौर में क्रिकेट अच्छे लोगों का खेल नहीं रह गया है। यह राजनीतिक जागीर बनता जा रहा है। उन्होंने ‘यंग वर्सेज ओल्ड’ और ‘कांग्रेस वर्सेज नो बडी’ का मुकाबला बताते हुए लिखा कि कांग्रेस अब पूरी ताकत इस चुनाव में झोंक देगी। 

कांग्रेस में सीपी जोशी को ब्राह्मण गुट का बड़ा नेता माना जाता रहा है। ऐसे में जोशी फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं। दूसरी तरफ 22 वर्षीय रुचिर के लिए पिता ललित मोदी लंदन से बिसात बिछाने में जुटे हैं। ऐसे में सीपी गुट ने रणनीति तय की है कि 23 से पहले नामांकन रामपाल शर्मा से भरवाया जाएगा। गुट की स्थिति देख अंतिम दिन जोशी नामांकन भरेंगे। इसके साथ ही रामपाल नामांकन पत्र वापस ले लेंगे। 

आरसीए चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू होगी, जो 23 अप्रेल तक चलेगी। 

Bureau Report

 

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*