सहारनपुर हिंसा दंगा भड़काने का मुख्य आरोपी ‘रावण’ गिरफ्तार, हिमाचल में STF के हत्थे चढ़ा

सहारनपुर हिंसा दंगा भड़काने का मुख्य आरोपी 'रावण' गिरफ्तार, हिमाचल में STF के हत्थे चढ़ालखनऊ: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पिछले महीने हुए जातीय संघर्षों के मुख्य आरोपी और भीम आर्मी का अध्यक्ष चन्द्रशेखर गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के डलहौजी से गिरफ्तार कर लिया गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) आदित्य मिश्र ने यह जानकारी देते हुए कहा कि चन्द्रशेखर को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे डलहौजी के स्थानीय अदालत में पेश किया जायेगा। फिर वहीं से ट्रांजिट रिमांड लेकर सहारनपुर लाया जायेगा।

मिश्र ने बताया कि चन्द्रशेखर हरियाणा पंजाब और हिमाचल प्रदेश में लगातार भाग रहा था। दो दिन पहले उसके पंजाब के होशियारपुर में रहने की खबर मिली थी। उसने आगामी 18 जून को दिल्ली के जन्तर मन्तर पर फिर से धरना देने की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए वह लगातार लोगों को उत्तेजित कर रहा था। STF उसके पीछे पड़ी हुई थी। पूर्वान्ह लगभग 11 बजे उसके डलहौजी में मौजूद होने की सूचना मिली जिसके बाद उसे वहीं दबोच लिया गया।

वहीं अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि चन्द्रशेखर की गिरफ्तारी पर सम्भावित प्रतिक्रिया को देखते हुए सहारनपुर में दो कम्पनी रैपिड ऐक्शन फोर्स और पीएसी की अतिरिक्त टुकडियां भेजी जा रही हैं। जहां पहले से ही दो कम्पनी आरएएफ और पीएसी पहले से भी तैनात है। 

गौरतलब है कि सहारनपुर के शब्बीरपुर गांव में पिछले 5 मई को महाराणा प्रताप जयंती पर निकली शोभायात्रा के दौरान डीजे बजाने को लेकर राजपूतों और दलितों में संघर्ष हो गया था। जहां पथराव में 26 वर्षीय युवक सचिन राणा की मौत हो गई थी। जिसके बाद घटना से आक्रोशित लोगों ने 54 घरों में आगजनी और तोडफोड़ की थी।

इस मामले में पुलिस ने 17 लोगों को गिरफ्तार किया था। लेकिन इसके बाद शब्बीरपुर में ही 9 मई को दोबारा राजपूतों और दलितों में संघर्ष हो गया। जहां जमकर पत्थरबाजी हुआ था और इसमें कई लोग घायल हो गए थे। हालात को देखते हुए सीएम योगी ने राज्य के गृह सचिव मणि प्रसाद मिश्रा, पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) आदित्य मिश्रा और दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सहारनपुर भेजा था। 

इसी बीच, 23 मई को बसपा अध्यक्ष मायावती सहारनपुर पहुंची। उनके वापस जाते ही वहां फिर संघर्ष शुरु हो गया। तलवार और गोलियां चली। एक दलित युवक की मृत्यु हो गई। जिसके बाद सहारनपुर के दलित राजपूत संघर्ष की वजह से राज्य सरकार की भी काफी किरकिरी हुई थी। मायावती के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी शब्बीरपुर जाने का प्रयास किया था लेकिन पुलिस ने उन्हें हरियाणा उत्तर प्रदेश सीमा पर ही रोक लिया था। 

वहीं इन संघर्षो के लिए भीम आर्मी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर उर्फ रावण को पुलिस मुख्य रुप से जिम्मेदार मानती है। उसे गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने फिलहाल राहत की सांस ली है और शब्बीरपुर और उसके आस पास के इलाकों में सुरक्षा को देखते हुए व्यापक बंदोबस्त कर दिए गए हैं।

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*