अजान विवाद:सुचित्रा कृष्णमूर्ति को ट्विटर पर मिली रेप की धमकी,साइबर सेल में दर्ज कराई शिकायत

अजान विवाद:सुचित्रा कृष्णमूर्ति को ट्विटर पर मिली रेप की धमकी,साइबर सेल में दर्ज कराई शिकायतमुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस और सिंगर सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने अजान पर उनके ट्वीट को लेकर उन्हें गालियां देने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हाल ही में अजान को लेकर एक्ट्रेस-सिंगर सुचित्रा कृष्णामूर्ति ने एक कॉन्ट्रोवर्शियल ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने ‘अजान’ को कान फोड़ने वाला शोर और असभ्य बताया। उनके इस बयान के बाद अभिनेत्री सुचित्रा कृष्णमूर्ति विवादों में घिर गई है। जहां एक तरफ ट्विटर पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ वो कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गई हैं। ‘सुचित्रा कृष्णमूर्ति’ को अपने इस ट्वीट से लोगो की खूब खरी खोटी भी सुननी पड़ रही है। 

लेकिन अब यह विवाद इतना बढ़ गया है कि लोगों ने उन्हें धमकियां और गंदी-गंदी गालियां देना शुरु कर दिया है। लोगों के लगातार भद्दे-भद्दे ट्वीट और रेप करने की धमकी देने वालों के खिलाफ सुचित्रा ने डीएन नगर पुलिस स्टेशन में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। सुचित्रा ने लोगों द्वारा दी गई गालियों से भरा स्क्रीन शॉट भी ट्विटर पर ट्वीट किया है। सुचित्रा की शिकायत पर पुलिस ने 4 लागों पर आपराधिक मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सुचित्रा कृष्णमूर्ति पर लोगों के शर्मनाक हमले को देखते हुए बॉलीवुड से लेकर सोशल मीडिया पर भी तमाम लोग उनके समर्थन में उतर आए है। सुचित्रा के पूर्व पति शेखर कपूर ने भी सुचित्रा को सपोर्ट करते हुए ट्विटर को इस एब्यूज के खिलाफ मामले पर ध्यान देने के लिए चेताया है।

सुचित्रा ने पुलिस स्टेशन से बाहर निकलते हुए अपनी एक तस्वीर ट्वीट करते हुए मुंबई पुलिस का शुक्रिया अदा भी किया। इससे पहले सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने उन्हें गंदी-गंदी गालियां देने और रेप करने की धमकी देने वालों के ट्वीट्स भी अपने अकाउंट से शेयर किया था। सुचित्रा ने इन ट्वीट्स को शेयर करते हुए लिखा था- “इन कामुक लोगों को देखो, अपने भारत के लिए बुरा लगता है- महिलाओं के प्रति इस तरह का रवैया देखकर इस बात पर कोई आश्चर्य नहीं होता कि भारत दुनिया में रेप की राजधानी बन चुका है।” सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने मुंबई पुलिस को टैग करते हुए ट्विटर पर उनसे पूछा कि क्या इन लोगों के खिलाफ कोई कार्वाई नहीं होनी चाहिए। सुचित्रा के इस ट्वीट पर ही मुंबई पुलिस हरकत में आ गई। बाद में मुंबई पुलिस के ट्वीटर हैंडल से सुचित्रा को बताया गया कि पुलिस ने पहले ही इन लोगों के खिलाफ अपने साइबर सेल को लगा दिया है।

आपको बता दें कि सुचित्रा ने 23 जुलाई को पौने छह बजे के करीब ट्वीट कर कहा, “मैं सुबह 4.45 पर घर पहुंचीं हूं और आक्रामक और कान फोड़ने वाली अजान की आवाज सुनो। इस खास आवाज से मेरे कान फट रहे हैं। जबरदस्ती दूसरों पर धार्मिकता थोपने से ज्यादा बेवकूफी भरा काम हो नहीं हो सकता।” इसके बाद सुचित्रा ने बढ़ते मामले पर सफाई देते हुए एक और ट्वीट कर लिखा, “मैं सुबह ब्रहममुहुर्त में उठती हूं और अपने तरीके से पूजा-पाठ करती हूं। मैं सुबह रियाज़ और योगा भी करती हूं इसलिए मुझे किसी भी तरह के सार्वजनिक लाउडस्पीकर की जरूरत नहीं है जो कि मुझे मेरे भगवान और कर्तव्य के बारे में बताए।” सुचित्रा कृष्णमूर्ति के बयान पर पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता अबु आजमी ने कहा कि “ये अभिनेत्रियों को आधे कपड़े पहन कर नाचने में मजा आता है। गले मे हाथ डाल कर मजा आता है। रात भर शराब पीने और भारतीय संस्कृति का मजाक बनाने में मजा आता है। ऐसे लोगों को भारतीय संस्कृति के बारे में बात नहीं करनी चाहिए।”

गौरतलब है कि सुचित्रा से पहले बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर और अपनी आवाज के जरिए लोगों के दिलों पर राज करने वाले सोनू निगम अजान पर अपने एक ट्वीट के चलते मुसीबतों में घिर गए थे। कुछ समय पहले सोनू निगम ने मस्जिदों में लाउडस्पीकर से होने वाली अजान को नींद खराब करने का जरिया बताया और इसे लेकर उन्होंने ट्वीट भी किया था। सोनू के इस ट्वीट के बाद पूरे देश में इस बात पर बहस छिड़ गई थी और उन्हें भी इस तरह की आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।

Bureau Report

 

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*