बांसवाड़ा : कांग्रेस की किसान आक्रोश रैली आज, राहुल गांधी करेंगे संबोधित, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बांसवाड़ा : कांग्रेस की किसान आक्रोश रैली आज, राहुल गांधी करेंगे संबोधित, सुरक्षा के कड़े इंतजामबांसवाड़ा: कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को बांसवाड़ा आएंगे। वह दोपहर एक बजे खेल मैदान पर कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित किसान आक्रोश रैली को संबोधित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों ने मंगलवार को खेल मैदान पर रैली की तैयारियों का जायजा लिया। प्रदेश उपाध्यक्ष महेन्द्रजीतसिंह मालवीया ने बताया कि सभा में करीब सवा लाख लोगों के आने का अनुमान है। इसे देखते हुए खुले मैदान में व्यवस्थाएं की गई हैं।

सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

राहुल की सभा को लेकर सुरक्षा के भी कडे़ बंदोबस्त किए गए हैं। मंगलवार को एसपीजी सहित स्थानीय पुलिस कर्मियों ने मैदान का चप्पा-चप्पा छाना। तलवाड़ा से बांसवाड़ा मार्ग पर भी सुरक्षा को लेकर इंतजाम किए गए हैं। सभा स्थल के आस-पास के क्षेत्रों एवं मकानों पर भी एसपीजी व अन्य पैरा फोर्स के जवान तैनात रहेंगे।

दो घंटे 20 मिनट रहेंगे बांसवाड़ा में

जिला कलक्टर की ओर से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के यात्रा को लेकर जारी कार्यक्रम के अनुसार गांधी दोपहर एक बजे तलवाड़ा हवाई पट्टी पर उतरेंगे एवं इसके बाद 1.05 मिनट पर बांसवाड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे। कॉलेज मैदान पर आयोजित सभा में 1.25 बजे  आएंगे तथा करीब डेढ़ घंटा रुकेंगे। इसके बाद राहुल 3.15 मिनट पर तलवाड़ा हवाई पट्टी के लिए रवाना होंगे तथा 3.20 मिनट पर बांसवाड़ा से प्रस्थान करेंगे। इस दौरान तलवाड़ा मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा।

Bureau Report

 

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*