नए मोदी मंत्रिमंडल की पहली बैठक आज शाम होने की संभावना, लिए जा सकते हैं कुछ अहम फैसले

नए मोदी मंत्रिमंडल की पहली बैठक आज शाम होने की संभावना, लिए जा सकते हैं कुछ अहम फैसलेनईदिल्ली: नए केन्द्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक आज (शुक्रवार) शाम को होने की संभावना है. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. सूत्रों ने कहा कि अब कोई निश्चित एजेंडा नहीं है और इसमें संसद का सत्र आहूत करने की संभावित तारीख तय की जा सकती है. 

प्रधानमंत्री आने वाले दिनों में विभिन्न कैबिनेट समितियों जैसे सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति, संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति और राजनीतिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति पर भी निर्णय लेंगे.

उल्‍लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लगातार दूसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली. उन्हें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. मोदी पहली बार 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने थे. बतौर प्रधानमंत्री अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद लगातार दूसरी बार यह पद संभालने वाले वह भारत के तीसरे प्रधानमंत्री हैं. उनसे पहले एक पूर्ण कार्यकाल के बाद दूसरी बार पंडित जवाहरलाल नेहरू और डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बने थे.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा नेता नितिन गडकरी, सदानंद गौड़ा और निर्मला सीतारमण, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नेता रामविलास पासवान, भाजपा नेता नरेंद्र तोमर, रविशंकर प्रसाद, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) नेता हरसिमरत कौर बादल, भाजपा नेता थावरचंद गहलोत, पूर्व राजनयिक सुब्रह्मण्यम जयशंकर, भाजपा नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा नेता स्मृति ईरानी, डॉ. हर्षवर्धन, प्रकाश जावड़ेकर, पीयूष गोयल, धर्मेद्र प्रधान, मुख्तार अब्बास नकवी, प्रह्लाद जोशी, महेंद्र पांडे, शिवसेना नेता अरविंद गणपति सावंत, भाजपा नेता गिरिराज सिंह और गजेंद्र सिंह शेखावत ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली.

राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में संतोष कुमार गंगवार, राव इंद्रजीत सिंह, श्रीपद येसो नाइक, डॉ. जितेंद्र सिंह, किरण रिजिजू, प्रह्लाद सिंह पटेल, राजकुमार सिंह, हरदीप सिंह पुरी और मनसुख एल. मांडविया ने शपथ ली. 

राज्यमंत्री के रूप में फग्गनसिंह कुलस्ते, अश्विनी कुमार चौबे, अर्जुन राम मेघवाल, जनरल (सेवानिवृत्त) वी. के. सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, दानवे रावसाहेब दादाराव, जी. किशन रेड्डी, पुरोषत्तम रूपाला, रामदास अठावले, साध्वी निरंजन ज्योति, बाबुल सुप्रियो, संजीव कुमार बालियान, धोत्रे संजय शामराव, अनुराग ठाकुर, अंगाड़ी सुरेश चन्नाबासप्पा, नित्यानंद राय, रतनलाल कटारिया, वी. मुरलीधरण, रेणुका सिंह सरुटा, सोम प्रकाश, रामेश्वर तेली, प्रताप चंद्र सारंगी, कैलाश चौधरी और देबाश्री चौधरी ने शपथ ली.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*