गाजियाबाद में डबल मर्डर से सनसनी, नौकरी का ताना देने पर बेरोजगार बेटों ने ली माता-पिता की जान

गाजियाबाद में डबल मर्डर से सनसनी, नौकरी का ताना देने पर बेरोजगार बेटों ने ली माता-पिता की जान

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में दो सगे बेटों ने अपने ही माता-पिता को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपी बेटों को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है.

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक गंगाशरण अपनी पत्नी विमलेश और दो बेटों—दीपक और ललित—के साथ क्रॉसिंग रिपब्लिक के भीम नगर इलाके में रहते थे. गंगाशरण पेशे से एक अखबार की न्यूज एजेंसी चलाते थे. बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर परिवार के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. यह विवाद इतना बढ़ गया कि बेटों ने अपने माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल में तोड़ा दम
चीख-पुकार और झगड़े की सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने खून से लथपथ बुजुर्ग दंपती को तुरंत नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान दोनों की दुखद मौत हो गई. स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि इस घर में आए दिन कलह होती रहती थी। विवाद की मुख्य जड़ दोनों बेटों का बेरोजगार होना था.

परिवार भी हो चुका था अलग

दीपक और ललित दोनों की शादी हो चुकी थी और उनके बच्चे भी हैं, लेकिन काम-धंधा न करने की वजह से उनकी पत्नियां भी उन्हें छोड़कर अलग रहने लगी थीं. पिता गंगाशरण अक्सर अपने बेटों को नौकरी करने और अपने पैरों पर खड़े होने के लिए कहते थे। काम करने का यही दबाव बेटों को नागवार गुजरता था. इसी रोज-रोज की खटपट और नौकरी के तानों से तंग आकर दोनों बेटों ने इस खौफनाक डबल मर्डर जैसी वारदात को अंजाम दे डाला. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*