जोस बटलर ने रचा इतिहास, तोड़ दिया क्रिस गेल का प्रचंड टी20 रिकॉर्ड, नंबर-1 पर पोलार्ड की बादशाहत कायम

जोस बटलर ने रचा इतिहास, तोड़ दिया क्रिस गेल का प्रचंड टी20 रिकॉर्ड, नंबर-1 पर पोलार्ड की बादशाहत कायम

इंग्लैंड के धुरंधर बल्लेबाज जोस बटलर ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. लॉर्ड्स में गुरुवार को मैनचेस्टर सुपर जायंट्स और लंदन स्पिरिट के बीच ‘द हंड्रेड 2026’ के एक मैच के दौरान जोस बटलर ने अपने करियर में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. जोस बटलर अब टी20 क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. जोस बटलर ने इस मामले में वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है.

जोस बटलर ने यह उपलब्धि तब हासिल की जब उन्होंने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए लंदन स्पिरिट के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में 16 रन बनाए थे, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था. जोस बटलर के नाम अब 487 T20 पारियों में 146.74 के स्ट्राइक रेट से 14,572 रन हैं. जोस बटलर के नाम 102 अर्धशतक और 9 शतक दर्ज हैं. वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल, जिनके पास सालों तक T20 में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज था और जिन्हें इस साल की शुरुआत में कीरोन पोलार्ड ने पीछे छोड़ा था, अब 455 पारियों में 14,562 रनों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं.

जोस बटलर ने रचा इतिहास

वेस्टइंडीज के पूर्व ओपनर क्रिस गेल ने 144.75 के स्ट्राइक रेट के साथ अपना करियर खत्म किया, जिसमें उन्होंने 88 अर्धशतक और 22 शतक बनाए थे. वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड 663 पारियों में 151.02 के स्ट्राइक रेट से 14,803 रन बनाकर इस लिस्ट में सबसे ऊपर बने हुए हैं. कीरोन पोलार्ड ने 70 अर्धशतक और दो शतक बनाए हैं. जोस बटलर अब टॉप पर पहुंचने से सिर्फ 231 रन दूर हैं. यह उपलब्धि जोस बटलर के करियर के सबसे मुश्किल दौर से गुजरने के बाद उनकी शानदार वापसी का एक और अध्याय है.

टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

1. कीरोन पोलार्ड (वेस्टइंडीज) – 14,803 रन

2. जोस बटलर (इंग्लैंड) – 14,572 रन

3. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 14,562 रन

4. एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड) – 14,449 रन

5. डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) – 14,284 रन

6. विराट कोहली (भारत) – 14,218 रन

जोस बटलर अपनी शानदार फॉर्म में लौट चुके

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रनों के लिए संघर्ष करने वाले जोस बटलर अपनी शानदार फॉर्म में लौट चुके हैं. हाल ही में भारत के खिलाफ खेली गई टी20 इंटरनेशनल सीरीज में जोस बटलर का प्रदर्शन लाजवाब रहा था. जोस बटलर ने पांचवें टी20 मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 64 गेंदों में 131 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी. 5 मैचों की सीरीज में जोस बटलर ने 43 की औसत और 182 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 175 रन बनाए थे.

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कैसा है बटलर का रिकॉर्ड?

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में जोस बटलर फिलहाल तीसरे नंबर पर काबिज हैं. जोस बटलर ने इस फॉर्मेट में खेले 160 मुकाबलों में 148 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4,212 रन बनाए हैं. इस दौरान वह 28 अर्धशतक और 2 शतक लगा चुके हैं. जोस बटलर से आगे इस लिस्ट में सिर्फ रोहित शर्मा और बाबर आजम हैं. रोहित टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले चुके हैं और उनके नाम 4,231 रन दर्ज हैं. वहीं, बाबर 4,596 रनों के साथ पहले स्थान पर मौजूद हैं.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*