देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की आज जयंती है। इस अवसर पर सोनिया गांधी समेत वरिष्ठ नेताओं ने नई दिल्ली में पंडित नेहरू के समाधि स्थल शांति वन पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश के पहले प्रधानमंत्री को याद किया। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में पीएम मोदी ने पंडित नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रियंका गांधी ने भी दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी अपने परदादा और पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद किया। सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में प्रियंका गांधी ने लिखा, ‘जवाहरलाल नेहरू एक अनोखे इंसान थे। एक क्रांतिकारी, दूरदर्शी और राष्ट्र निर्माता। यह उनके समर्पण का ही सबूत है कि उनकी मौत को साठ साल से भी ज्यादा समय बीतने के बाद भी, हमारे संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करने वाले लोग उन पर हमला करते हैं। हमारी कामना है कि उनका इस देश के लिए प्यार हमेशा हमारा मार्गदर्शन करे।’
राहुल गांधी ने लिखा- उनका सपना आज भी हमारी प्रेरणा
राहुल गांधी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘हिंद के जवाहर, भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर सादर नमन। आजादी उनकी मंजिल नहीं, देश के नए सफर का मुकाम थी। स्वराज सत्ता नहीं, हर नागरिक की भागीदारी और देश के भविष्य की जिम्मेदारी थी। भारत उनके लिए एक खोज, एक विचार था- विविधता जिसकी शक्ति, लोकतंत्र जिसका विश्वास और समानता जिसका आधार हो। एक आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी हमारी प्रेरणा है। और उस सपने के भारत की ओर हमारा प्रयास ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।’
पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। पंडित नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में हुआ था, जिसे अब प्रयागराज के नाम से जाना जाता है। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। इस दिन स्कूलों में बच्चों के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कहीं खेल-कूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, तो कहीं भाषण, चित्रकला और प्रतियोगिताएं कराई जाती हैं। इस दिन का मकसद बच्चों की खुशी, पढ़ाई और उनके बेहतर भविष्य पर ध्यान देना है।
14 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है बाल दिवस?
बाल दिवस मनाने की तारीख का रिश्ता जवाहरलाल नेहरू से जुड़ा है। साल 1964 में नेहरू के निधन के बाद उनकी जयंती यानी 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया गया। इससे पहले भारत में 20 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता था। यह तारीख संयुक्त राष्ट्र के विश्व बाल दिवस से जुड़ी थी। नेहरू बच्चों से बहुत लगाव रखते थे और उनके विकास, पढ़ाई और अच्छे भविष्य को जरूरी मानते थे। इसी वजह से उनकी याद में उनके जन्मदिन को बच्चों के नाम समर्पित कर दिया गया।
Bureau Report
Leave a Reply