पुणे में महापाप: 65 साल के शख्स ने 4 साल की बच्ची से की दरिंदगी, CCTV में दिखा; अब फांसी की मांग

पुणे में महापाप: 65 साल के शख्स ने 4 साल की बच्ची से की दरिंदगी, CCTV में दिखा; अब फांसी की मांग

महाराष्ट्र के पुणे स्थित भोर तालुका के नसरापुर गांव से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, यहां महज 4 साल की मासूम बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न के बाद उसकी हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है.

खाने का लालच देकर बच्ची को ले गया था आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को खाना देने का लालच देकर अपने साथ ले गया. इसके बाद वह उसे मवेशियों के बाड़े में बने एक छप्पर में ले गया, जहां उसने  बच्ची के साथ दरिंदगी की और उसकी हत्या कर दी.

सीसीटीवी में हुआ बड़ा खुलासा

जब बच्ची लापता हुई तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान एक निजी घर के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

गांव में आक्रोश, हाईवे जाम

घटना के बाद पूरे गांव में गुस्से की लहर फैल गई. सैकड़ों ग्रामीण पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. बाद में आक्रोशित भीड़ ने मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया.

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत कराया. उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले में तेजी से कार्रवाई की जाएगी और 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी. पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं. इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है.

अपराधी का खौफनाक इतिहास

ग्रामीणों से मिली जानकारी इस मामले को और भी गंभीर बनाती है. पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी एक आदतन अपराधी बताया जा रहा है, जिसने पहले भी दो बार जेल की सजा काटी है. ग्रामीणों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ बलात्कार करने का मामला दर्ज है. उस पर अपनी ही सगी भतीजी पर हमला करने का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है. बताया जा रहा है कि वह करीब पांच से छह साल पहले ही जेल से रिहा होकर बाहर आया था.

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*