राज्यपाल कर्नाटक से बाहर चले गए, अब इस्तीफा कैसे देंगे सिद्धारमैया? 72 घंटे में क्या होने वाला है

राज्यपाल कर्नाटक से बाहर चले गए, अब इस्तीफा कैसे देंगे सिद्धारमैया? 72 घंटे में क्या होने वाला है

दोनों नेता गले मिले, पैर छुए और कर्नाटक में सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई. आज सुबह चाय-नाश्ते पर सीएम सिद्धारमैया ने जो बैठक बुलाई थी, उसमें उन्होंने साथी मंत्रियों को थैंक्यू कहते हुए इस्तीफे का एलान कर दिया. बाहर आकर राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने बताया कि सिद्धारमैया ने इस्तीफा देने से पहले ब्रेकफास्ट पर मीटिंग बुलाई थी. इधर, सुबह से ही चर्चा थी कि सीएम ने गवर्नर से मिलने का समय मांगा है. जब इस्तीफे का एलान हुआ, तभी लोक भवन से खबर आई कि गवर्नर राज्य से बाहर चले गए हैं. ऐसे में सवाल यह है कि मई के आखिरी 72 घंटों में क्या और कैसे होने वाला है. 

लोक भवन के अधिकारियों के हवाले से जानकारी मिली है कि सिद्धारमैया ने अभी तक गवर्नर से मिलने का समय नहीं मांगा है. वैसे भी, गवर्नर थावरचंद गहलोत अपने गृह नगर इंदौर चले गए हैं. लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि महामहिम यहां (कर्नाटक) नहीं हैं. अभी तक, ऐसा कोई संदेश (सीएम के मिलने का समय मांगने) या जानकारी नहीं मिली है.

इधर, कर्नाटक कांग्रेस ने पैर छूने और दोनों नेताओं के गले मिलने वाली तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘वो दिन, आज का दिन, और हमेशा के लिए… एकता ही हमारी शक्ति है. जनसेवा ही हमारी शाश्वत प्रतिबद्धता है.’

गवर्नर नहीं, तो इस्तीफा कैसे देंगे सिद्धारमैया?

सवाल उठता है कि मुख्यमंत्री आज इस्तीफा कैसे देंगे? वैसे, इसमें कोई समस्या नहीं है. सीएम लोकभवन के सचिव को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं. प्रक्रिया के अनुसार ऐसा संभव है. जब गवर्नर आएंगे तो इसकी पुष्टि कर लेंगे. वह चाहें तो सीएम को बुलाकर व्यक्तिगत रूप से इस्तीफा देने के लिए कह सकते हैं. आमतौर पर मुख्यमंत्री इस्तीफा पत्र लेकर खुद गवर्नर के पास जाते हैं. अगर गवर्नर राज्य में नहीं हैं तो वह आधिकारिक चैनल से इस्तीफा भेज सकते हैं. बाद में गवर्नर इस्तीफा देने वाले सीएम को केयरटेकर सीएम बने रहने के लिए कह सकते हैं, जब तक कि नई सरकार शपथ नहीं ले लेती. 

30 को शपथ ले सकते हैं डीके शिवकुमार

खबर है कि आज ही सिद्धारमैया इस्तीफा देकर दिल्ली के लिए निकल जाएंगे. वह राहुल गांधी से अकेले में कुछ बातचीत करेंगे. सब कुछ ठीक रहा, तो उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं. वह 30 मई को मुख्यमंत्री की शपथ भी ले सकते हैं. यही वजह है कि अगले 72 घंटे कर्नाटक की राजनीति के लिए अहम होने वाले हैं. 

सिद्धारमैया राज्यसभा जाएंगे या विधायक ही रहेंगे?

अगला बड़ा सवाल सिद्धारमैया को हाईकमान से मिला ऑफर है. क्या सिद्धारमैया राज्यसभा जाने के लिए तैयार होंगे या वह विधायक ही बने रहेंगे? फिलहाल सिद्धारमैया विधायक ही बने रहना चाहते हैं. उनके करीबियों के हवाले से बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया की रुचि राज्यसभा सीट में नहीं है. जी. परमेश्वर से जब यही सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि कोई भी फैसला पार्टी का हाईकमान लेगा. उन्होंने कहा कि इस समय मुझे यह जानकारी नहीं है कि उन्हें (सिद्धारमैया) दिल्ली में किसी पद का प्रस्ताव दिया गया है या नहीं. यह पूरी तरह से हाईकमान पर निर्भर है. 

इससे पहले, कर्नाटक के गृह मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को नाश्ते पर बुलाया था और वह इस्तीफा सौंपने से पहले सभी मंत्रियों को उनके सहयोग और दूसरी बातों के लिए धन्यवाद देना चाहते थे. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*