आगामी चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शीर्ष नेतृत्व ने अचानक एक बहुत बड़ा फैसला लेते हुए सबको चौंका दिया है. संगठन में हुए इस बड़े फेरबदल के तहत एक साथ 4 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी गई है. दिल्ली और हरियाणा जैसे हाई-प्रोफाइल राज्यों में जिन नामों पर मुहर लगी है, उसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. जानिए आखिर किसे मिली कहां की कमान…
सियासी गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. संगठन में एक बड़ा और चौंकाने वाला फेरबदल देखने को मिला है. पार्टी ने चार प्रमुख राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. जहां दिल्ली की जिम्मेदारी हर्ष मल्होत्रा को मिली है, वहीं हरियाणा में अर्चना गुप्ता को कमान सौंपी गई है. इसके अलावा पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया और त्रिपुरा में अभिषेक देवराय को बीजेपी अध्यक्ष बनाया गया.
कौन हैं पंजाब के नए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष?
पंजाब के बरनाला की सियासत में केवल सिंह ढिल्लों एक जाना-पहचाना नाम हैं. वह यहां से दो बार विधायक चुने जा चुके हैं. साल 2022 में उन्होंने संगरूर लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरकर चुनाव लड़ा था. इसके बाद 2024 में बरनाला विधानसभा उपचुनाव में भी बीजेपी ने उन पर भरोसा जताया था. सियासत के साथ-साथ केवल सिंह ढिल्लों की पहचान पंजाब और देश के बड़े उद्योगपतियों में भी होती है. पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ उनकी नजदीकियों की चर्चा लंबे समय से होती रही है. बरनाला इलाके में लोग उन्हें विकास कार्यों पर ध्यान देने वाले नेता के रूप में देखते हैं. उनकी राजनीति का केंद्र हमेशा इलाके का विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना रहा है. खास बात यह रही कि उन्होंने अपने राजनीतिक सफर में विरोधियों के साथ टकराव या बयानबाजी की राजनीति से दूरी बनाए रखी.
कौन हैं हर्ष मल्होत्रा? जिन्हें बीजेपी ने बनाया दिल्ली का अध्यक्ष
दिल्ली बीजेपी की कमान अब हर्ष मल्होत्रा के हाथों में सौंप दी गई है. पार्टी नेतृत्व ने संगठन में बड़े बदलाव करते हुए उन्हें दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. हर्ष मल्होत्रा लंबे समय से बीजेपी और संघ से जुड़े रहे हैं. दिल्ली की राजनीति में उन्हें संगठन का मजबूत चेहरा माना जाता है. पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सांसद बनने से पहले वह नगर निगम राजनीति में भी सक्रिय रहे और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पूर्वी दिल्ली सीट से जीत दर्ज की थी. इसके बाद मोदी सरकार में उन्हें सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया. बीजेपी के अंदर हर्ष मल्होत्रा की पहचान ऐसे नेता की रही है, जिन्होंने संगठन में नीचे स्तर से काम करते हुए अपनी जगह बनाई. वह दिल्ली बीजेपी में महासचिव जैसे अहम पदों पर भी रह चुके हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है.
कौन हैं अर्चना गुप्ता? बीजेपी ने बनाया हरियाणा का अध्यक्ष
डॉ. अर्चना गुप्ता लंबे समय से बीजेपी संगठन में सक्रिय रही हैं. उन्होंने पार्टी के कई अभियानों और महिला मोर्चा से जुड़े कार्यक्रमों में अहम भूमिका निभाई है. हरियाणा में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता की चर्चा अक्सर पार्टी के भीतर होती रही है. यही वजह है कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए प्रदेश की कमान सौंप दी. बताया जाता है कि राजनीति में आने के शुरुआती दिनों में उनके परिवार के कुछ लोग इस फैसले के पक्ष में नहीं थे, लेकिन अर्चना गुप्ता ने लगातार संगठन के लिए काम किया और धीरे-धीरे पार्टी में अपनी अलग पहचान बना ली. संगठनात्मक पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद क्षमता को उनकी बड़ी ताकत माना जाता है.
त्रिपुरा में बीजेपी ने अभिषेक देवराय को सौंपी कमान
अभिषेक देवराय लंबे समय से बीजेपी संगठन से जुड़े रहे हैं और त्रिपुरा की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते आए हैं. पार्टी के अंदर उन्हें एक ऐसे नेता के तौर पर देखा जाता है, जिनकी पकड़ जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत मानी जाती है. संगठनात्मक कामकाज और चुनावी रणनीति में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें पार्टी नेतृत्व की नजर में खास बनाया. बीजेपी ने हाल ही में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा समेत कई राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है. इसी क्रम में त्रिपुरा की कमान अभिषेक देवराय को दी गई है. माना जा रहा है कि आने वाले चुनावों और संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने यह फैसला लिया है.
Bureau Report
Leave a Reply