शनिवार सुबह-सुबह पेट्रोल-डीजल के दाम में हुए बढ़ोतरी पर लोग बात ही कर रहे थे कि इसी दौरान सीएनजी के रेट बढ़ने की भी खबर आ गई. दिल्ली-NCR के रहने वाले लोगों को अब गैस की कीमत पर झटका लगा है. शनिवार सुबह सीएनजी (CNG) के दाम में 1 रुपये प्रति किलो का इजाफा कर दिया गया. पिछले कुछ दिन में कंपनियों की तरफ से तीसरी बार गैस की कीमत बढ़ाई गई है. इससे पहले भी दो बार में तीन रुपये किलो का इजाफा किया जा चुका है. हालिया बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी (CNG) का दाम बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया.
पिछले 10 दिन में कीमत में तीसरी बार बढ़ोतरी के बाद राजधानी दिल्ली में सीएनजी का प्राइस 81 रुपये के मनोवैज्ञानिक आंकड़े को पार करके 81.09 प्रति किलो पर पहुंच गया. दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में ग्राहकों को एक किलो गैस के लिए 89.70 रुपये चुकाने होंगे. गैस कंपनियों ने इससे पहले 15 मई को CNG के दाम 2 रुपये किलो बढ़ाए थे. इसके कुछ ही दिन बाद 18 मई को भी दाम में 1 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया था. उसके बाद अब सीएनजी के दाम पर तीसरा झटका लगा है.
मिडिल ईस्ट संकट से बिगड़ा खेल
CNG के दाम में लगातार हो रहे इजाफे का कारण इंटरनेशनल मार्केट में गहराता एनर्जी क्राइसिस है. मिडिल ईस्ट (वेस्ट एशिया) में जारी जंग और तनाव के कारण ग्लोबल लेवल पर गैस और तेल की सप्लाई का बुरा असर पड़ा है. संकट के बीच सरकारी तेल और गैस कंपनियों ने बढ़े हुए इनपुट कॉस्ट यानी कच्चे माल की लागत का बोझ धीरे-धीरे आम ग्राहकों पर डालना शुरू कर दिया है. 15 मई से शुरू हुआ कीमत में बढ़ोतरी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है.
प्रमुख शहरों में गैस का नया रेट
हालिया संशोधन के बाद देश के अलग-अलग शहरों में सीएनजी (CNG) के दाम आसमान छू रहे हैं. दिल्ली में कीमत बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलो हो गई हैं. वहीं, नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में यह दर 89.70 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. हरियाणा के गुरुग्राम में ग्राहकों को एक किलो सीएनजी के लिए 86.12 रुपये का पेमेंट करना होगा. राजस्थान के अजमेर में CNG की कीमत ₹90 के आंकड़े को पार कर 90.44 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गई.
तेल कंपनियों को भारी घाटा
घरेलू गैस और ईंधन की कीमत में तेजी सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) के बढ़ते घाटे को कम करने के लिए किया गया है. इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) जैसी बड़ी सरकारी कंपनियां इन दिनों हर दिन करीब 1,000 करोड़ रुपये का भारी-भरकम नुकसान झेल रही हैं. ये कंपनियां इंटरनेशनल मार्केट से महंगे दाम पर क्रूड ऑलय और गैस खरीद रही थीं. लेकिन महंगाई को काबू में रखने के लिए सरकार ने इन्हें लंबे समय तक कीमतें बढ़ाने की इजाजत नहीं दी थी.
Bureau Report
Leave a Reply