भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. कुछ दिनों पहले वरिष्ठ अधिवक्ता का दर्जा पाने की मांग कर रहे एक वकील को फटकार लगाते हुए “पैरासाइट्स” और “कॉकरोच” जैसे शब्दों के इस्तेमाल की खबर सामने आई थी. हालांकि बाद में CJI सूर्यकांत ने स्पष्ट किया कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया और उनकी टिप्पणी केवल उन लोगों के लिए थी जो फर्जी और नकली डिग्रियों के सहारे कानूनी पेशे में प्रवेश करने की कोशिश करते हैं.
इसी विवाद के बाद सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम का एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक अभियान शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हजारों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. अब इस पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि उनकी पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
अभिजीत दिपके का बड़ा आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनकी पार्टी के ऑनलाइन अस्तित्व पर “क्रैकडाउन” चल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के कई सोशल मीडिया अकाउंट या तो हैक कर लिए गए हैं या फिर उन्हें प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है.
दिपके के अनुसार पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज हैक हो गया है. इसके अलावा उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट भी कथित रूप से हैक कर लिया गया. उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी का एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट भारत में रोक दिया गया है और उनका बैकअप अकाउंट भी प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है.
समर्थकों को दी चेतावनी
अभिजीत दिपके ने अपने समर्थकों और फॉलोअर्स को चेतावनी देते हुए कहा कि फिलहाल उनकी टीम के पास किसी भी आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का एक्सेस नहीं है. उन्होंने लोगों से अपील की कि इस घोषणा के बाद यदि किसी भी अकाउंट से कोई पोस्ट दिखाई देती है, तो उसे कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए.
दिपके का कहना है कि जब तक उनकी टीम दोबारा अपने अकाउंट्स पर नियंत्रण हासिल नहीं कर लेती, तब तक किसी भी नई पोस्ट की सत्यता पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए.
X अकाउंट हटने के बाद नया हैंडल सामने आया
गुरुवार को पार्टी का एक्स अकाउंट भारत में प्रतिबंधित या रोका गया दिखाई दिया. इसके कुछ समय बाद ही “Cockroach is Back” नाम से एक नया हैंडल ऑनलाइन सामने आया. इस नए अकाउंट की टैगलाइन “Cockroaches Don’t Die” रखी गई, जिसने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान फिर से अपनी ओर खींच लिया.
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह नया हैंडल आधिकारिक तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़ा है या नहीं. फिर भी इस अकाउंट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले को लेकर चर्चा और तेज हो गई.
कैसे वायरल हुई कॉकरोच जनता पार्टी?
कॉकरोच जनता पार्टी का सोशल मीडिया अकाउंट CJI की टिप्पणी के अगले ही दिन यानी 15 मई को बनाया गया था. यह एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक पहल के रूप में शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही दिनों में इंटरनेट पर तेजी से लोकप्रिय हो गया. इस अभियान को राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में आम इंटरनेट यूजर्स का समर्थन मिला.
पार्टी की लोकप्रियता का मुख्य कारण इसका व्यंग्यात्मक अंदाज और विवादित कानूनी बहस से जुड़ाव माना जा रहा है. फिलहाल सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कथित कार्रवाई के दावों ने इस पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया है. हालांकि इंस्टाग्राम और एक्स की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
Bureau Report
Leave a Reply