भारतीय सशस्त्र बलों के कई वरिष्ठ अधिकारियों को उनकी बेहतरीन सेवा और देश के लिए अहम योगदान के सम्मान में प्रतिष्ठित सैन्य पदकों से सम्मानित किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह 2026 (चरण-2) में देश के अगले थलसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन और ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती सहित भारतीय सशस्त्र बलों और तटरक्षक बल के 105 अधिकारियों और जवानों को अलग-अलग सैन्य सम्मान प्रदान किए.
रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस समारोह में कुल 105 सैन्य पदक दिए गए जिनमें 7 सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल, 30 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 12 उत्तम युद्ध सेवा मेडल और 56 अति विशिष्ट सेवा मेडल शामिल हैं. ये सम्मान उन सैन्य अधिकारियों और जवानों को दिए जाते हैं जिन्होंने युद्ध, सैन्य अभियानों या शांतिकाल के दौरान अपने कर्तव्य का बेहतरीन ढंग से पालन करते हुए देश की सुरक्षा में अहम योगदान दिया.
सेना में किन कामों के लिए कौन-कौन से मेडल मिलते हैं?
भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के अधिकारियों समेत जवानों को उनके साहस, नेतृत्व और बेहतरीन सेवा के आधार पर अलग-अलग सैन्य सम्मान दिए जाते हैं. मुख्य रूप से इन पुरस्कारों को दो कैटेगरी- वीरता पुरस्कार और विशिष्ट सेवा पुरस्कार में बांटा जाता है. वीरता पुरस्कार उन सैनिकों मिलता है जिन्होंने युद्ध या शांतिकाल में असाधारण बहादुरी दिखाई होती है. जबकि, विशिष्ट सेवा पुरस्कार से उन अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाता है जिन्होंने बेहतरीन नेतृत्व, सैन्य योजना, संचालन और लंबे समय तक बेहतरीन सर्विस दी हो.
वीरता पुरस्कार में कौन-कौन से मेडल दिए जाते हैं?
युद्धकाल के वीरता पुरस्कार
- परम वीर चक्र (PVC):- युद्ध के दौरान दुश्मन के सामने दिखाई गई सर्वोच्च वीरता के लिए ये मेडल दिया जाता है जो भारत का सबसे बड़ा सैन्य सम्मान है.
- महावीर चक्र (MVC):- युद्ध के दौरान असाधारण साहस और वीरता दिखाने वाले सैनिकों को दिया जाता है.
- वीर चक्र (VrC):- युद्ध क्षेत्र में बहादुरी और साहसिक कार्रवाई के लिए प्रदान किया जाता है.
शांतिकाल के वीरता पुरस्कार
- अशोक चक्र:- शांतिकाल में असाधारण वीरता के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च सैन्य सम्मान.
- कीर्ति चक्र:- शांतिकाल में उल्लेखनीय साहस और वीरता के लिए दिया जाता है.
- शौर्य चक्र:- शांतिकाल में बहादुरी और साहसिक कार्यों के लिए प्रदान किया जाता है.
विशिष्ट सेवा पुरस्कार में कौन-कौन से मेडल मिलते हैं?
विशिष्ट सेवा पुरस्कार उन सैन्य अधिकारियों और जवानों को दिए जाते हैं, जिन्होंने उत्कृष्ट नेतृत्व, सैन्य रणनीति, संचालन और लंबे समय तक बेहतरीन सेवा देकर देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो. इन मेडल को युद्धकाल और शांतिकाल के दो कैटेगरी में दिया जाता है.
युद्धकाल में दिए जाने वाले सेवा मेडल
- सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (SYSM):- युद्ध, सैन्य अभियान या संघर्ष के दौरान सबसे बेहतरीन नेतृत्व और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च युद्धकालीन सेवा सम्मान है.
- उत्तम युद्ध सेवा मेडल (UYSM):- युद्धकाल में बेहतरीन और विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है.
- युद्ध सेवा मेडल (YSM):- युद्ध या सैन्य अभियान के दौरान उल्लेखनीय सेवा और योगदान के लिए दिया जाता है.
शांतिकाल में दिए जाने वाले सेवा पदक
- परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM):- शांतिकाल में सबसे बेहतरीन और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाने वाला सर्वोच्च सेवा सम्मान है.
- अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM):- लंबे समय तक बेहतरीन और विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है.
- विशिष्ट सेवा मेडल (VSM):- उल्लेखनीय सेवा और उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है.
Bureau Report
Leave a Reply