स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना को अश्लील करार देने वाले शक्तिमान उर्फ मुकेश खन्ना अब अचानक समय के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आ रहे हैं. इस वक्त इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक वीडियो में ऐसा मुमकिन होता दिख रहा है. दरअसल, यह एक पेड ऐड है, जिसमें दोनों एक फोन को प्रमोट करते हुए नजर आ रहे हैं.
समय रैना और मुकेश खन्ना का यह वीडियो वाकई काफी चौंकाने वाला है. क्योंकि एक समय पर मुकेश खन्ना ने समय रैना को लेकर कड़ी टिप्पणियां की थीं और उनकी गिरफ्तारी की मांग भी की थी. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला-
साथ में स्क्रीन शेयर करते दिखे मुकेश खन्ना-समय रैना
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक ऐड काफी तेजी से वायरल हो रहा है. इस पेड ऐड में कॉमेडियन समय रैना छत पर बैठे नजर आते हैं और तभी उनके पास उड़ते हुए शक्तिमान आ जाते हैं. समय किसी से फोन पर बात करते हुए कहते हैं कि, ‘हां, शो अब वापस आ रहा है, वो कहते हैं ना कि अंधेरा कायम नहीं रहता.’ इसके बाद शक्तिमान बोलते हैं, ‘मैं तेरी टेढ़ी दुम सीधी करने के लिए आया हूं.’ इसके बाद समय कहते हैं, ‘सर, नीचे चलकर बात करते हैं, क्योंकि मुझे आपके साथ छत पर बहुत डर लगता है.’
यूजर्स कर रहे ट्रोल
इसके बाद मुकेश खन्ना जवाब देते हैं, ‘तीन एफआईआर होने के बाद भी तुम सुधरे नहीं हो, समय रैना. तेरा मुंह काला करना ही पड़ेगा.’ समय बोलते हैं, ‘फिर तो एक और एफआईआर हो जाएगा ना, ब्लैक फेस करने के लिए.’ इस ऐड के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने मुकेश खन्ना की जमकर क्लास लगा दी. लोगों ने उन पर तंज कसते हुए कहा, ‘इंसान के लिए पैसा ही सबसे ज्यादा जरूरी होता है. एक वक्त समय रैना को गालियां देने वाले मुकेश खन्ना अब उनके साथ ही नजर आ रहे हैं.’
इस वायरल हो रहे ऐड पर एक यूजर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘बाप बड़ा न भैया, सबसे बड़ा रुपैया.’ उन्होंने यह भी लिखा कि जिन्हें लोग ‘शक्तिमान’ के नाम से जानते हैं, उन्होंने उस वक्त समय रैना के खिलाफ 10 से ज्यादा वीडियो बनाए थे, जब पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी.
दोनों को मिली अच्छी-खासी रकम
बता दें कि मुकेश खन्ना ने समय रैना को ‘कुत्ता’ तक कह दिया था और उन पर अश्लील कंटेंट बनाने का आरोप लगाया था. इतना ही नहीं, वह चाहते थे कि समय रैना को उम्रभर के लिए जेल भेज दिया जाए. लेकिन आज वही मुकेश खन्ना एक मोबाइल ब्रांड के ऐड के लिए समय रैना के साथ हाथ मिलाते नजर आए. इस ऐड के बदले दोनों को ही काफी अच्छी-खासी रकम मिली है. अपने वीडियो में वह राष्ट्रवाद, भारतीय संस्कृति और देशभक्ति की बड़ी-बड़ी बातें करते नजर आ रहे हैं.
Bureau Report
Leave a Reply