हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने सीईटी ग्रुप-डी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक अहम रिमाइंडर जारी किया है. आयोग ने कहा है कि आवेदन की आखिरी तारीख बेहद करीब आ चुकी है और उम्मीदवारों के पास अपना फॉर्म भरने के लिए अब बहुत कम समय बचा है. सभी पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों को 3 जुलाई की रात 11:59 बजे तक अपना फाइनल फॉर्म हर हाल में सबमिट करना होगा.
अंतिम समय की भीड़ और तकनीकी दिक्कतों से बचें
आयोग ने छात्रों से खास अपील की है कि वे आखिरी दिन का इंतजार बिल्कुल न करें. अंतिम समय में वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक होने की वजह से सर्वर डाउन या तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं, जिससे कई उम्मीदवारों का फॉर्म भरने से छूट सकता है. आयोग ने फॉर्म भरते समय पूरी सावधानी बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं, क्योंकि किसी भी तरह की गलती का जिम्मेदार खुद अभ्यर्थी माना जाएगा. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों को सही तरीके से अपलोड करें और फॉर्म को फाइनल सबमिट करने से पहले अपने नाम, पते और अन्य सभी जानकारियों को दोबारा ध्यान से पढ़ लें.
अब तक साढ़े सात लाख से ज्यादा युवाओं ने कराया रजिस्ट्रेशन
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए इस भर्ती से जुड़े ताजा आंकड़े भी साझा किए हैं. आयोग की ओर से बताया गया है कि रविवार तक 7,50,845 उम्मीदवार इस भर्ती के लिए अपना शुरुआती पंजीकरण करा चुके हैं. इन पंजीकृत उम्मीदवारों में से 5,22,019 अभ्यर्थियों ने अपने फॉर्म को अंतिम रूप से जमा भी कर दिया है.
आवेदन शुल्क और फॉर्म में सुधार की महत्वपूर्ण तारीखें
जिन अभ्यर्थियों ने अपना फॉर्म भर लिया है, उन्हें अपना आवेदन शुल्क जमा करने के लिए 6 जुलाई तक का समय दिया जाएगा. इसके अलावा, छात्रों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए आयोग ने त्रुटि सुधार का भी विकल्प दिया है. यदि फॉर्म भरते समय किसी अभ्यर्थी से कोई गलती हो गई है, तो आयोग उन्हें 7 से 9 जुलाई के बीच अपने आवेदन फॉर्म में सुधार करने का मौका देगा. अंतिम समय की हड़बड़ी से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया को पूरा करना ही बेहतर रहेगा.
Bureau Report
Leave a Reply