बंगाल के मुर्शिदाबाद में बड़ा हादसा! खुली क्रॉसिंग पर स्कूल वैन के उड़े परखच्चे; लापरवाही ने ली 2 मासूमों समेत 3 की जान

बंगाल के मुर्शिदाबाद में बड़ा हादसा! खुली क्रॉसिंग पर स्कूल वैन के उड़े परखच्चे; लापरवाही ने ली 2 मासूमों समेत 3 की जान

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. सुबह का वक्त था, मासूम बच्चे हंसते-खेलते स्कूल जा रहे थे, लेकिन बहरमपुर थाना क्षेत्र में एक रेलवे क्रॉसिंग पर मौत बनकर आई पैसेंजर ट्रेन ने उनकी खुशियां छीन लीं. इस भीषण हादसे में 2 स्कूली छात्रों समेत 3 की मौत हो गई है, जबकि 4 बच्चे जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं.

ट्रैक पर वैन और फिर भीषण टक्कर

हादसा पूर्वी रेलवे जोन के सियालदह मंडल के अंतर्गत कर्णसुबर्ण और गोबिंदपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ. सुबह जब स्कूल वैन छात्रों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूल वैन हवा में उछलकर दूर जा गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए. वैन में ड्राइवर समेत 8 लोग सवार थे, जो टक्कर के बाद बाहर की तरफ छिटक गए. पल भर में ही चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया.

खुला फाटक बना काल: गेटमैन की भारी चूक

इस हादसे के पीछे की जो वजह सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली और गंभीर लापरवाही को दर्शाती है. स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के अनुसार, उस वक्त रेलवे क्रॉसिंग का फाटक खुला हुआ था. पहले रेलवे की अप लाइन से एक ट्रेन गुजरी थी, जिसके लिए फाटक बंद था. लेकिन, उसके गुजरने के बाद दूसरी लाइन से आ रही पैसेंजर ट्रेन के लिए फाटक को बंद ही नहीं किया गया. क्रॉसिंग पर तैनात गेटमैन की यह साफ तौर पर बड़ी लापरवाही मानी जा रही है. फाटक खुला होने के कारण वैन ड्राइवर को ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं हुआ और वह ट्रैक क्रॉस करने लगा, जो जानलेवा साबित हुआ.

अस्पताल में कोहराम, परिजनों का बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग बचाव कार्य के लिए दौड़े. घायलों को तुरंत कर्णसुबर्ण ब्लॉक अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दो मासूमों ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. बाकी 5 घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

अस्पताल में बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचकर पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. रेलवे ने इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके. 

Bureau Report

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*