तमिलनाडु की सियासत को लेकर पिछले कुछ दिनों मे कई दावे किए जा रहे हैं. इस बीच सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या राज्य में विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार को गिराने की कोई साजिश रची गई थी? बताया जा रहा है कि तमिलनाडु के खुफिया विभाग ने दावा किया है कि पिछले कुछ दिनों पहले उसने टीवीके सरकार के सत्ता में आने के दो महीने से भी कम समय के भीतर उसे अस्थिर करने की कथित साजिश को नाकाम कर दिया है.
दरअसल, खुफिया विभाग के इस दावे के कारण तमिलनाडु में सियासी पारा बढ़ गया है.सूत्रों ने बताया कि इस साजिश के तहत टीवीके के कम से कम 15 विधायकों के एक साथ इस्तीफे की साजिश रचकर सरकार गिराने की योजना बनी थी. हालांकि, खुफिया विभाग की ओर से इसको नकाम कर दिया गया.
कैसे मामला आया सामने?
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, टीवीके विधायक की शिकायत पर एक्शन लेते हुए अधिकारियों ने एक उच्च स्तरीय जांच शुरू की और एक कंसल्टेंसी फर्म के कर्मचारी को गिरफ्तार किया. शुरुआती जांच में अधिकारियों को डीएमके विधायक सेंथिल बालाजी से संबंध होने की खबर मिली. इसके कुछ समय बाद दो और लोगों की गिरफ्तारी की गई, जिनसे पूछताछ जारी है.
35 करोड़ रुपये की हुई पेशकश
सूत्रों के अनुसार, शिकायत करने वाले विधायक का दावा है कि विधायकों को 35 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी. यह पूरा मामला तब सामने आया जब, उथंगराई से टीवीके विधायक एन. इलायाराजा ने चेन्नई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत दर्ज कराने वाले विधायक का कहना है कि आईपीडीएस नामक परामर्श फर्म के एक व्यक्ति ने उन्हें तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए 35 करोड़ रुपये देने की पेशकश की थी.
टीवीके विधायक को मिली धमकी
टीवीके विधायक ने आगे आरोप लगाए कि उन्हें धमकाया गया और कहा गया कि वे इस प्रस्ताव के बारे में किसी से बात न करें. मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक सेंथिल बालाजी और उनके भाई अशोक के करीबी हैं.
डीएमके पर बरसी टीवीके
तमिलनाडु के मंत्री सीटी निर्मल कुमार ने इस साजिश को लेकर डीएमके पर निशाना साधा है. डीएमके पर हमला बोलते हुए कहा, “सेंथिल बालाजी से सीधे तौर पर जुड़े लोग, साथ ही तथाकथित ‘करूर गैंग’ के सदस्य भी इस मामले में सीधे तौर पर शामिल हैं.”
तमिलनाडु सरकार में मंत्री निर्मल कुमार ने कहा कि पुलिस को कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए और इसमें शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार करना चाहिए. उन्हें इस तरह की घिनौनी गतिविधियों का अंत करना चाहिए.
DMK-AIADMK ने विजय सरकार को गिराने की साजिश की?
तमिलनाडु के मंत्री सीटी निर्मल कुमार ने आरोप लगाया कि डीएमके ने एआईएडीएमके प्रमुख एडप्पाडी के पलानीस्वामी के साथ मिलकर टीवीके सरकार को गिराने की साजिश रची. इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि टीवीके के कई विधायकों को दल-बदल के लिए पैसे की पेशकश की गई है.
टीवीके के आरोपों को डीएमके ने बताया निराधार…
इन सबके बीच डीएमके की ओर से टीवीके पर चल रही जांच से जुड़ी जानकारी लीक करने का आरोप लगाया गया. उधर, डीएमके के प्रवक्ता ए. सरवनन ने कहा कि टीवीके जांच से जुड़ी जानकारियों को लीक रही है और जनता के बीच एक सनसनी फैला रही है. इससे पता चलता है कि उन्हें तथ्यों की जानकारी नहीं है और केवल मनगढंत कहानी परोसी जा रही है.
पहले स्टालिन ने किया था टीवीके सरकार पर ये दावा
गौरतलब है कि इससे पहले तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की ओर से दावा किया गया था कि टीवीके सरकार लंबे समय तक नहीं चलेगी और किसी भी वक्त राज्य में फिर से विधानसभा चुनाव हो सकते हैं. उन्होंने डीएमके कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में लगे रहने की सलाह भी दी थी.
Bureau Report
Leave a Reply